यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Swami Prasad Maurya: सपा नेता के खिलाफ खड़ी हुई कांग्रेस, विवादित बयानों पर नाराजगी जताते हुए थाने में दी तहरीर
आईएनडीआईए में एक साथ खड़े होने का दावा कर रहे विपक्षी दलों में आपसी मनमुटाव भी है। राष्ट्रीय स्तर पर ...और पढ़ें

मुरादाबाद, जागरण टीम: आईएनडीआईए में एक साथ खड़े होने का दावा कर रहे विपक्षी दलों में आपसी मनमुटाव चल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर भले ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक दूसरे का साथ दे रही हो, लेकिन स्थानीय स्तर पर हकीकत कुछ और है। दरअसल, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य आए दिन अपनी बयानबाजी के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके इसी बयानबाजी से नाराज कांग्रेसी नेताओं ने मुरादाबाद में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सपा नेता एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद के रामचरित मानस और ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए बयानों से कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा ने थाना सिविल लाइंस में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। उनका कहना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है। पुलिस ने जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के नेतृत्व पूर्व जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के जिला चेयरमैन अफजल साबरी, अरविंद चौधरी, अनुराग शर्मा, श्याम सरन शर्मा, गंगा सरन शर्मा और गंगाराम शर्मा सिविल लाइंस थाने पहुंचे।
भावनाओं को पहुंचाई ठेस
कांग्रेसियों ने कहा कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य हिंदू धर्म को अपमानित करने के लिए धार्मिक पुस्तक रामचरित मानस की निंदा करते रहते हैं। ब्राह्मण समाज के लोग श्री रामचरित मानस को लेकर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान से आहत हैं। उन्होंने हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
एनएसए की कार्रवाई की मांग
पूर्व जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा की तरफ से प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई। तहरीर में आरोप है कि स्वामी प्रसाद साजिश के तहत देश में धार्मिक और जातीय दंगे कराना चाहते हैं। इनके विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रभारी निरीक्षक राम प्रताप शर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें:- 'जो स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटकर लाएगा, उसको 10 लाख रुपए इनाम दूंगा' यूपी के इस कांग्रेस नेता ने किया एलान
