सांड ने किसान को मार डाला
खेत में काम करते समय बिगड़ैल सांड ने दो किसानों पर हमला कर दिया। एक की मौत हो गई।
मुरादाबाद : खेत में काम करते समय बिगड़ैल सांड ने दो किसानों पर हमला कर दिया। एक किसान का पेट सींग मारकर फाड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दूसरे किसान को घायल कर दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सांड के हमले से किसानों में दहशत है। वे खेतों पर जाने से डर रहे हैं।
घटना रामपुर जिले में मिलक कोतवाली के दुगनपुर गांव की है। यहां के राम कुमार रविवार को खेत में धान की कटाई करने गए थे। इसी दौरान वहां घूम रहे सांड ने उन पर हमला कर दिया। वह जान बचाने को भागे तो सांड ने उन्हें गिरा लिया। उनके पैरों पर सींग से हमला किया, जिससे उनका पैर जख्मी हो गया। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग आ गए। किसी तरह सांड को भगाया। घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सांड ने थाना शहजादनगर के ग्राम कमरुद्दीन का मझरा गांव निवासी किसान रोशन लाल शर्मा पर भी हमला कर दिया। तब वह अपनी गाय लेकर जा रहे थे। सांड उनके पीछे दौड़ा तो वह भी जान बचाने को भागने लगे, लेकिन सांड ने उन्हें गिरा लिया और पेट में सींग मार दिए, जिससे उनका पेट फट गया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सांड के इस तरह हमला कर जान लेने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सांड को पकड़कर आबादी से दूर किया जाना जरूरी है। ऐसा नहीं हुआ तो फिर किसी निर्दोष की जान जा सकती है।