समस्याओं के भंवर में फंसा किसान
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
मुरादाबाद : राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि किसान सरकार की अनदेखी के कारण समस्याओं के भंवर में फंस गया है। गन्ना मूल्य भुगतान न होने के कारण किसान बिजली बिल व बैंकों से लिया कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं। कर्ज वसूली के नाम पर बैंकों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है। कहा शासन द्वारा 15 अक्टूबर तक प्रदेश की चीनी मिलों को चलाने की घोषणा की गई थी। शासनादेश के बाद में प्रदेश में चीनी मिलों को चालू नहीं किया गया है। कहा चीनी मिलों को चालू कराया जाए ताकि किसान समय पर अपना गन्ना मिलों पर डाल सकें।
कहा आगामी पैराई सत्र में किसानों को नियमानुसार 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाए। वर्तमान वर्ष से लागू सहकारी समिति द्वार गन्ना पर्ची वितरण में गड़बड़ी को रोकने के लिए गन्ना अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। कहा गन्ना क्रय केंद्रों से खरीदे गए गन्ने का उठान उसी दिन करा लिया जाए ताकि अगले दिन किसानों को गन्ना तुलाई में परेशानी का सामना न करना पड़े। गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों की गन्ने में घटतौली की जाती है। कहा गन्ना घटतौली पर लगाम लगाई जाए। गन्ना खरीद पर्ची जारी होने के बाद किसान को गन्ना सप्लाई के लिए दिया गया समय 72 घंटे से बढ़ाकर एक सप्ताह किया जाए। वृद्ध किसान के स्थान पर समस्त कार्रवाई के लिए उसके पुत्र व पुत्री को नामांकित करने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में राज्यपाल से उक्त समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष मिर्जा आलम बैग, जफर अली खां, नजमी खान, उसमान अंसारी, गुड्डू सलमानी, रेहान खान, अफशान खान, तोफीक आलम, बाबू, इरफान, जाकिर, फरहान खां, फैजान खां, आमिर खां, गौरव जैन, सलमान खां, शहनवाज खां, विक्की खां, फैजी खां, अथर मौजूद रहे।