मुलायम ने की आजम की तारीफ, सरकार के विरोध में कुछ नहीं बोले
मुरादाबाद : रामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आज हमारा देश किसी से पीछे नही
मुरादाबाद : रामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आज हमारा देश किसी से पीछे नहीं है। जब हम रक्षा मंत्री थे तब भी देश की सीमाओं पर माहौल खराब करने की कोशिश की गई और अब भी माहौल खराब करने की कोशिश की जाती रही है, लेकिन हमारा देश किसी से कमजोर नहीं है। उन्होंने आजम खां की तारीफ की।
आजम खां ने किया बड़ा काम : मुलायम
उन्होंने केंद्र या प्रदेश सरकार के बारे में कोई विरोधी बयान नहीं दिया, लेकिन आजम खा की जमकर तारीफ की। कहा कि आजम खा ने मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना करा कर बड़ा काम किया है। इससे देश में युवाओं को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिल रहा है। हम चाहते हैं कि जौहर यूनिवर्सिटी देश की नहीं, बल्कि दुनिया की नंबर वन यूनिवर्सिटी बने। इसमे हम पूरा सहयोग करेंगे। मुलायम सिंह सोमवार को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के दीक्षात समारोह में बोल रहे थे।
विकास में पिछड़ता जा रहा देश : अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकारें युवाओं के सपनों को तोड़ रही हैं। देश आबादी के मामले में तो आगे बढ़ रहा है लेकिन विकास के मसले में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो देश विकास में हमसे पीछे थे, वे आगे बढ़ गए हैं। कुछ लोग पहले धर्म के नाम पर और अब विश्वविद्यालय में घुसकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। विश्वविद्यालय तरक्की की राह दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से देश और समाज के हित में काम करने तथा आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मानद उपाधि की प्रदान
इस दौरान पूर्व मंत्री आजम खां ने पूर्व मुख्यमंत्री को डीएसपी की मानद उपाधि प्रदान की। साथ ही कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर कटाक्ष किये और कहा कि कुछ लोग बेवजह देश का माहौल बिगाड़ने की फिराक में लगे हैं। उनका बस यही काम रह गया है। लोगों में फूट डालो और राज करो। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी जनता के बीच रखा और भाजपा सरकार की नीतियों का जमकर विरोध किया। इसके अलावा अन्य नेताओं ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।