जनपद में बन रहा नकली डीजल , एसडीएम ने पकड़ा बीस ड्रम केरोसिन व डीजल
उप जिलाधिकारी रामप्रकाश आर्य और आपूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार ने 20 ड्रम तेल बरामद किया।
मुरादाबाद (जेएनएन) : उप जिलाधिकारी ने आपूर्ति निरीक्षक व पुलिस बल के साथ कुंदरकी के ग्राम तखतपुर हाशा निवासी के मकान से बीस ड्रम डीजल व केरोसिन बरामद किया है। शमशाद हुसैन पुत्र हबीब अहमद निवासी ग्राम तखतपुर हाशा का पेटी डीलर के नाम से फुटकर विक्रेता का लाइसेंस है। शमशाद ने रामू की दुकान व मकान किराए पर ले रखा है। वही से डीजल व केरोसिन की बिक्री करता है। उप जिलाधिकारी रामप्रकाश आर्य और आपूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार ने 20 ड्रम तेल बरामद किया। ड्रमों में डीजल व केरोसिन भरा हुआ था। आपूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ड्रमों को कब्जे में ले लिया गया है। डीजल व केरोसिन का सैंपल जांच के लिए भेजा है। नकली डीजल बनाने का चल रहा था खेल
छापेमारे के दौरान बीस ड्रम केरोसिन मिलने के बाद अब अधिकारी नकली डीजल व केरोसिन बनाये जाने की आशंका जता रहे है। क्योंकि मौके पर कुछ उपकरण भी नकली डीजल के बनाने के पाये गए है। इसी को देखते हुए अधिकारियों ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं नकली डीजल व केरोसिन बनाने की शिकायत कई बार ग्रामीण अधिकारियों से कर चुके थे। अब जब अधिकारियों ने छापेमारी की तो ग्रामीणों की बात सही निकली। जांच शुरू, होगी सख्त कार्रवाई
नकली केरोसिन व डीजल बनाये जाने के मामले में एसडीएम ने जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि इस मामले में दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अन्य तहसीलों में भी इस तरह हो रहा खेल
नकली डीजल व केरोसिन बनाने का काम कुंदरकी के अलावा अन्य तहसीलों में भी किया जा रहा है। इसके खिलाफ बकायदा एक अभियान चलाया जाना चाहिए। ताकि इस गोरखधंधे को रोका जा सके।