यूपी की इस सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष के आसार, भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा से ये हैं उम्मीदवार
UP Vidhan Sabha Election 2022 मंडी धनौरा सुरक्षित विधानसभा सीट पर इस बार चुनावी जंग दिलचस्प हो गई है। त्रिकोणीय मुकाबला के आसार बन गए हैं। यहां पर जाट और अनुसूचित जाति के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भाजपा ने विधायक राजीव तरारा को मैदान में उतारा है।
अमरोहा, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : इस बार मंडी धनौरा सुरक्षित विधानसभा पर चुनावी जंग दिलचस्प हो गई है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला के आसार बन गए हैं। इस विधानसभा पर जाट और अनुसूचित जाति के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भाजपा ने विधायक राजीव तरारा को दोबारा टिकट देकर मैदान में उतारा है। वहीं गठबंधन से बसपा छोड़कर सपा में आए पूर्व सांसद वीर सिंह के पुत्र विवेक को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी बीच अब बसपा से पूर्व विधायक हरपाल सिंह की एंट्री से चुनाव दिलचस्प हो गया है।
लंबे समय से एक ही पार्टी भाजपा में रहने वाले हरपाल व राजीव तरारा चुनावी मैदान में एक-दूसरे के सामने होंगे। बता दें कि गठन के बाद मंडी धनौरा विधानसभा के लिए 14 फरवरी को तीसरी बार वोट पड़ेंगे। यहां पर आरक्षित विधानसभा सीट होने के बावजूद विभिन्न पार्टियों द्वारा प्रत्याशियों को टिकट वितरण को लेकर काफी दिनों से राजनीतिक गलियारे में सरगर्मियां तेज थीं। अब सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस, बसपा व भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। हर कोई अपने पक्ष में मतदान की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। अब देखना यह है कि 14 फरवरी को मतदाता क्या फैसला करेंगे। विपक्षी सपा के के प्रत्याशी काे बाहरी बताकर विरोध कर रहे हैं। वहीं बसपा व भाजपा प्रत्याशी स्थानीय होने का दम भरते हुए प्रचार में जुटे हैं। इन हालात में त्रिकोणीय संघर्ष के आसार नजर आ रहे हैं।