विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर और संभल में बनेंगे दो नए पुल, 9.13 करोड़ से सुधरेगी ग्रामीण कनेक्टिविटी

Published: Sun, 06 Sep 2026 11:48 AM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुरादाबाद मंडल के रामपुर और संभल जिलों में दो लघु सेतुओं के निर्माण के लिए 9.13 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रामपुर और संभल में दो लघु सेतुओं को मंजूरी।

  2. निर्माण पर कुल 9.13 करोड़ रुपये का खर्च।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम, कनेक्टिविटी बेहतर।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मंडल के रामपुर और संभल जिले में आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो लघु सेतुओं के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

प्रदेश सरकार ने राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत दोनों पुलों के निर्माण के लिए नौ करोड़ 13 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। शासनादेश तीन सितंबर को लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी किया गया है।

शासनादेश के अनुसार, रामपुर में नाहल नदी पर बनने वाले लघु सेतु के निर्माण पर चार करोड़ 56 लाख 80 हजार रुपये खर्च होंगे। यह सेतु रामपुर-बड़ाखास-सिमरा-हरदुआ-हरदासपुर-नवदिया-सिर्रा-भैसोड़ी-धनेती पूर्वी मार्ग के किलोमीटर आठ पर बनाया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 91.36 लाख रुपये का आवंटन किया गया है।

इसी तरह संभल में सोत नदी पर चार करोड़ 56 लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। यह निर्माण नगला खाकम से खेतापुर संपर्क मार्ग के किलोमीटर दो में प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 91.29 लाख रुपये के आवंटन कर दिया है।

दोनों पुलों के निर्माण से नदी और नालों के कारण प्रभावित ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। खासकर बरसात के दौरान आवागमन में आने वाली दिक्कतों को कम करने में इन पुलों की अहम भूमिका होगी।

शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण शुरू करने से पहले सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कमला शंकर ने बताया कि निविदा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों लघु सेतुओं के निर्माण का काम शुरू होगा।