अनोखा प्रेम, 40 साल की महिला और 20 का युवक, हरियाणा से आकर कर ली कोर्ट मैरिज
Love affair पति और बेटी के मनाने पर प्रेमी को छोड़ने के लिए राजी हुई महिला। पंचायत के बाद समझौते के बाद पति के साथ लौटी घर।
मुरादाबाद, जेएनएन। पाकबड़ा में हरियाणा से आकर चालीस साल की एक महिला ने आधी उम्र के फेसबुक दोस्त से कोर्ट मैरिज करके घर बसा लिया। अपनी महिला दोस्त को फोन करने पर उसे तलाश रही पुलिस को लोकेशन मिल गई। सूचना मिलते ही पति और बेटी पाकबड़ा पहुंचकर मां को मनाया। थाने में छह घंटे चली पंचायत के बाद महिला पति के साथ घर लौट गई।
हरियाणा के जिला भिवानी थाना सदर निवासी 40 वर्षीय महिला की फेसबुक पर नगर पंचायत पाकबड़ा के मुहल्ला इस्लामनगर भट्टा नंबर-एक निवासी दूसरे समुदाय के 20 वर्षीय युवक से दोस्ती हो गयी। दोनों के बीच पहले फेसबुक पर ही बात होती रही। इसके बाद दोनों ने फोन नंबर एक-दूसरे से शेयर कर लिए। फिर दोनों के बीच घंटों फोन पर बात होने लगी। महिला तीन बच्चों की मां है। बड़ी की शादी हो चुकी है। वह पति और तीनों बच्चों को छोड़कर सात अगस्त को पाकबड़ा में अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। साथ में घर से मोटी रकम भी लाई थी। यहां प्रेमी से कोर्ट मैरिज करके साथ में पत्नी की तरह रहने लगी। पति ने महिला की सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। पाकबड़ा आकर महिला ने अपनी महिला मित्र को फोन कर लिया। सर्विलांस के माध्यम से हरियाणा पुलिस को महिला की लोकेशन मिल गई। हरियाणा पुलिस के संपर्क करने के बाद पाकबड़ा पुलिस महिला और उसके प्रेमी को पकड़कर थाने ले आयी। इस बीच महिला का पति और बेटी भी थाने पहुंच गए। थाने में करीब छह घंटे पंचायत चली। पति और बेटी के समझाने पर महिला घर राजी हो गयी। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पाकबड़ा के युवक से बात हुई। महिला घर छोड़कर पाकबड़ा आ गई थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।