फर्म में कर्मचारियों ने लगाए पाक जिंदाबाद के नारे, बोले-है और रहेगा
कटघर स्थित डेहरी गांव में एशियन हैंडीक्राफ्ट फर्म के अंदर कर्मचारी दो फाड़ हो गए। एक पक्ष ने पाक जिंदाबाद था, है और रहेगा के नारे लगा दिए।
मुरादाबाद, जेएनएन। पुलवामा आतंकी हमले से पूरा देश आहत है, जन-जन में फैला आक्रोश सड़कों पर दिखाई दे रह है। इसी बीच कुछ लोग पाक जिंदाबाद के नारे लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश भी कर रहे हैं।
कटघर स्थित डेहरी गांव में एशियन हैंडीक्राफ्ट फर्म के अंदर कर्मचारी दो फाड़ हो गए। एक पक्ष ने पाक जिंदाबाद था, है और रहेगा के नारे लगा दिए, इसे लेकर दूसरे गुट ने विरोध जताया। मामला बाहर तक पहुंचा तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फर्म स्वामी समेत सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। बताया गया कि उस्मान और उसके एक साथी ने पाकिस्तान की हिमायत की थी।
ये है पूरा मामला
कटघर के हनुमानमूर्ति से कुछ ही दूरी पर डेहरी गांव है। यहां पर एशियन हैंडीकॉफ्ट की फर्म है। इसके मालिक भोला नाथ बिज हैं। वह सिविल लाइन के राजेंद्र नगर में रहते हैं। फर्म के कर्मचारी अमित और नरेंद्र ने बताया कि पुलवामा में आतंकी हमले के संबंध में बातचीत चल रही थीं। कर्मचारियों ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने सेना को अधिकार दे दिए हैं, जो आतंकवादियों को मार गिराएगी। इसी बीच कर्मचारी उस्मान और आसिफ ने विरोध करते हुए कहा कि आपकी सरकार कुछ नहीं कर पाएगी। आतंकी अपना काम कर रहे हैं। कर्मचारी महीपाल ने बताया कि बात हाथापाई तक आ गई। तब उस्मान और आसिफ ने कहा कि पाक जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा। इस तरह का नारा लगा दिया। उसके बाद बाकी कर्मचारी भी एकत्र हो गए। उसके बाद दोनों कर्मचारी फर्म से घर लौट गए। मामले से मालिकों को भी अवगत नहीं कराया गया।
छानबीन करने के लिए पहुंची पुलिस
सोमवार को फैक्ट्री के अंदर कर्मचारियों में हुए विवाद की छानबीन करने एसएसआइ अजय कुमार, चौकी इंचार्ज मुकेश शुक्ला फोर्स के साथ पहुंचे। फर्म के मालिक भोला नाथ विज ने सभी कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की। नरेंद्र ने पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बताया कि उस्मान और आसिफ ने पाक जिंदाबाद के नारे लगाए थे। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई। पूछताछ करने के बाद फर्म के कर्मचारियों को शांत करने के बाद पुलिस लौट गई।
दोनों पक्षों को समझा दिया जाएगा
कर्मचारियों में बातों-बातों में विवाद हो गया था। उन्होंने इसकी कोई जानकारी नहीं दी, न ही रोजाना के रजिस्टर में इसे अंकित किया गया। पुलिस के पहुंचने पर ही मामले से पर्दा उठा। सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं। दोनों पक्षों को समझा दिया जाएगा।
भोला नाथ विज, फर्म स्वामी
जांच में जुटी पुलिस
फर्म में कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में पाक जिंदाबाद के नारे लगाने की बात सामने आई है। हालांकि इसका कोई वीडियो नहीं मिला है। सिर्फ कर्मचारी इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। किसी भी तरफ से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
अजय कुमार पाल, एसएसआइ