फिर मिले तेंदुए के दो शावक, दहशत में ग्रामीण
नगरीय क्षेत्र को छोड़कर ग्रामीण इलाकों में इन दिनों तेंदुए का खौफ बरकरार है
मुरादाबाद : नगरीय क्षेत्र के छोड़कर ग्रामीण इलाकों में इन दिनों तेंदुए का खौफ बरकरार है। अभी दो दिन पहले ही ठाकुरद्वारा और कांठ में दो-दो शावक पाए गए गए थे। इसके बाद से ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई थी। इसी कड़ी में बुधवार को भी कांठ में दो शावक पकड़े गए।
बुधवार को ग्राम मिश्रीपुर की मंडैयों निवासी ओमप्रकाश सिंह के खेत में ग्रामीणों ने तेंदुए के दो शावकों को घूमते हुए पकड़ लिया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग व प्रशासन को दी। वन विभाग के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों शावकों को वन विभाग के अधिकारी को सौंप दिया। जब वन्य कर्मी शावकों को ले जाने लगे तो ग्रामीणों ने उनका घेराव किया और तेंदुओं को पकड़ने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी हिमांशु वर्मा से भी इस संबंध में गुहार लगाई। जब उपजिलाधिकारी ने वन्य कर्मियों से पूछा की तेंदुए को पकड़ने के क्या प्रबंध किए हैं तब वन्य कर्मियों ने आश्वासन दिया कि गुरुवार को मिश्रीपुर के जंगल में पिंजरा लगा दिया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों को छोड़कर संपूर्ण क्षेत्र इस समय तेंदुओं के आतंक से भयभीत है। तेंदुआ अब तक कई नीलगाय और बछड़ों को निवाला बना चुका है। इससे पूर्व मल्लीवाला निवासी सय्यद रफत के खेत में एक साथ तीन तेंदुए देखे गए थे। वहीं ग्राम निधि में गेहूं कटाई के दौरान किसान देवराज के खेत में तेंदुए के दो शावक मिले थे। ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए देखे जाने व उनके शावक बरामद होने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है और उनका दिन का चैन और रातों की नींद काफूर हो गई है, जबकि इस समय गेहूं की कटाई और गन्ने की छिलाई का कार्य जोरों पर चल रहा है।