सबमर्सिबल चलाने को लेकर फायरिग, दो भाई गिरफ्तार
सबमर्सिबल चलाने को लेकर फायरिग दो भाई गिरफ्तार।
मुरादाबाद, जेएनएन। थाना कांठ के हाफिजपुर गांव में सबमर्सिबल से सिंचाई करने को लेकर एक युवक ने अपने चचेरे भाई पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिग कर दी। पुलिस ने मामले में जानलेवा हमला करने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम हाफिजपुर निवासी करन सिंह और किरतपाल पुत्र श्याम सिंह का अपने चचेरे भाई यशपाल सिंह से साझे के सबमर्सिबल को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक करन सिंह के पास लाइसेंसी बंदूक है। गुरुवार की रात को यशपाल सिंह सबमर्सिबल चलाकर अपने खेत की सिंचाई कर रहा था। इस दौरान करन सिंह और उसका भाई किरतपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। किरन पाल सिंह के हाथ में लाइसेंसी बंदूक थी। उसने सबमर्सिबल चलाने का विरोध किया। यशपाल कहने लगा मैं इसी से सिंचाई करूंगा। इस पर तीनों में विवाद होने लगा। आरोप है कि दोनों भाईयों ने यशपाल सिंह की पिटाई की। करन सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से यशपाल की तरफ को फायरिग कर दी। हालांकि गोली उसको लगी नहीं। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार गौतम ने बताया कि शनिवार को उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह करन सिंह और किरतपाल को गिरफ्तार करके लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले ली है। साथ ही लाइसेंस निरस्त करने के लिए भी रिपोर्ट भेजी जा रही है।