अमरोहा में इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलाने पर दो लोग के खिलाफ एफआइआर, एक गिरफ्तार
वायु प्रदूषण को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद सम्भल हसनपुर मार्ग पर दो लोग कचरा जलाते हुए मिले। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा,जेएनएन। वायु प्रदूषण को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद सम्भल हसनपुर मार्ग पर दो लोग कचरा जलाते हुए मिले। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने जला अधजला करीब पांच क्विंटल ई कचरा बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सम्भल मार्ग पर चीनी मिल के नजदीक एक कमरे में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलाते हुए दो व्यक्ति दिखाई दिए थे। पुलिस टीम ने सलीम निवासी मुहल्ला जुगत सम्भल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि चमन सराय सम्भल निवासी आरिफ पुलिस को देखकर भागने में कामयाब रहा। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनके कब्जे से बरामद कैंटर गाड़ी के कागज नहीं दिखाने पर सीज कर दिया है।
ई कचरा जलाकर धातु तलाश रहे थे आरोपित
इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलाने के बाद उससे धातु निकाली जाती है। धातु की टिक्की बनाने के बाद काफी महंगी बिकती हैं। इलेक्ट्रॉनिक के सामान में चांदी, एल्मुनियम, तांबा, पीतल आदि धातु निकालकर अारोपित बेच देते हैं। लेकिन इलेक्ट्रॉनिक सामान जलाने पर निकलने वाले धुएं से वायु प्रदूषण होने के चलते सरकार ने ई कचरा जलाने पर पाबंदी लगा रखी है।