Top Moradabad News of the day 8 october 2019, शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
एनआरसी पर सांप्रदायिक सियासत ठीक नहीं : नकवी
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व एनआरसी को लेकर भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह की साजिशों से हमें होशियार रहना चाहिए। इससेे किसी भी भारतीय नागरिक की नागरिकता पर कोई खतरा नहीं है। इस पर सांप्रदायिक सियासत भी ठीक नहीं है। केंद्रीय मंत्री मंगलवार को रामपुर के नौगवा गांव में जन चौपाल कार्यक्रम में बोल रहे थे।
डबल डेकर हादसे में लापरवाही पड़ी भारी, दो सीनियर सेक्शन इंजीनियर निलंबित
कटघर के पास हुई डबल डेकर दुर्घटना में दो सीनियर सेक्शन इंजीनियर निलंबित कर दिए गए गए हैं। वहीं सुपरवाइजरों की रिपोर्ट में दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। बुधवार को मुख्यालय के तीन अधिकारियों की टीम जांच करने मुरादाबाद आएगी। लखनऊ से आनंद विहार जाने वाली डबल डेकर एक्सप्रेस रविवार सुबह कटघर स्टेशन से निकलते ही गुलाबबाड़ी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दो बोगियों के पहिए पटरी से उतर गए।
आजम खां नहीं कर पा रहे पत्नी का जोरदार प्रचार, जानिए क्या है वजह
समाजवादी पार्टी के फायरब्रांड नेता आजम खां मुकदमों में उलझ कर रह गए हैं। वे विधानसभा उपचुनाव लड़ रहीं अपनी पत्नी का जोरदार प्रचार भी नहीं कर पा रहे हैं। पिछले तमाम चुनावों में वह बड़ी-बड़ी जनसभाएं करते रहे लेकिन, इस बार ऐसा नहीं कर रहे हैं। हालत यह है कि नामांकन कराने के लिए पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट तक भी नहीं जा सके।
एचआर मैनेजर की खुदकशी मामले में पत्नी गिरफ्तार
पति को खुदकशी के लिए मजबूर करने की आरोपित पत्नी रीना को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव रामपुर घोघर निवासी संजीव कुमार (28) मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद सेक्टर 13 में रहता था। संजीव निर्यात फर्म में एचआर मैनेजर था। आठ साल पहले उसकी शादी मझोला के ही गांव मंगूपुरा निवासी रीना के साथ हुई थी। 30 सितंबर की रात संजीव ने घर पर ही फांसी लगाकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम कराने पर मौत से पहले मारपीट किए जाने की भी पुष्टि हुई।
पहले हमदर्दी दिखाकर जीता भरोसा फिर बच्चा चोरी कर हो गए फरार
मुरादाबाद रोडवेज बस स्टैंड से एक महिला का बच्चा चोरी हो गया। बच्चा अज्ञात महिला ने चुराया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करके बच्चा चोरी करने वाली महिला और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।