Top Moradabad News of the day 23 august 2019, शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, बाइक व नकदी लूटने का आरोप
जनपद अमरोहा के थाना गजरौला के एक गांव में बाइक सवार एक ग्रामीण पर कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीडि़त के परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने बाइक व एक लाख 32 हजार की नकदी भी लूट ली। मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है।
पीतल नगरी पर दाग लगा रहे नशे के सौदागर
दुनिया भर में पीतलनगरी के नाम से पहचान बनाने वाले मुरादाबाद के हजारों युवा नशे की गिरफ्त में हैं। महानगर ही नहीं गांव तक नशे के सौदागर पहुंच गए हैं। ये लोग न सिर्फ युवाओं को बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी बर्बाद कर रहे हैं।
सिविल लाइंस थाने के सामने चोरों ने एचडीबीएफएस के कार्यालय को बनाया निशाना
मुरादाबाद शहर के सिविल लाइंस थाने के सामने एचडीबी फाइनेंसियल सर्विसेज के कार्यालय से दो लैपटॉप चोरी हो गए। चोरों ने बैंक का गोल्ड और कैश लॉकर भी तोडऩे की कोशिश की लेकिन, नाकाम रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है लेकिन, अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने पी. चिदंबरम को लेकर कह दी बड़ी बात
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ कार्रवाई को भाजपा की बदले की भावना बताया है। रावत ने आजम खां के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई को गलत ठहराया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली से उत्तराखंड जाते हुए रामपुर जिले में हाईवे पर एक होटल में रुके थे। इस दौरान मीडिया ने उनको घेर लिया।
यूं ही नहीं बढ़ा संगठन में भूपेंद्र सिंह का कद जानिए क्या है खास
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से कैबिनेट मंत्री बनने वाले चौधरी भूपेंद्र सिंह का कद यूं ही नहीं बढ़ा। उन्होंने अपने काम से संगठन में निर्विवाद छवि बनाई। इसका इनाम कैबिनेट मंत्री के रूप में मिला। इतना ही नहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट खुले में शौच से मुक्त को अंजाम तक पहुंचाया। प्रदेश के मंत्रिमंडल में कई मंत्रियों के विभागों को बदला गया, इसके पीछे कारण कोई भी रहा हो लेकिन उनके विभाग को नहीं बदला गया।