Top Moradabad News of the day 20 september 2019, शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
अब आजम खान की स्वर्गवासी मां के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मुकदमा
रामपुर जिला प्रशासन ने अब आजम खान की स्वर्गवासी हो चुकी मां के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया है। नायब तहसीलदार की ओर से दर्ज कराए गए इस मामले में आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम समेत 37 लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि उन्होंने 11 साल पहले जेल के फांसी घर की जमीन खरीदी थी।
हसनपुर पुलिस ने वाहनों का चालान करते हुए फर्जी दारोगा पकड़ा
अमरोहा की हसनपुर पुलिस ने बीती रात वाहन चालकों की सूचना पर गजरौला तिराहे पर पुलिस की वर्दी पहनकर अवैध रूप से चालान कर रहे एक फर्जी दारोगा को देशी रिवाल्वर समेत गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया फर्जी दारोगा शिवकुमार पुत्र रामप्रकाश शर्मा निवासी माछरा जनपद मेरठ का निवासी है। बीती रात टीयूवी गाड़ी चालक शादाब व राहुल कुमार ने पुलिस को सूचना दी की सीट बेल्ट में होने पर एक दारोगा अकेला चालान करने की चेतावनी देते हुए 500 रुपये की मांग कर रहा है।
स्वच्छता के लिए एक कदम आगे बढ़ाए हर भारतीय: क्रिकेटर मोहम्मद शमी
अमरोहा में अंतर राष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने कहा कि स्वच्छता को अपनाना प्रत्येक भारतवासी का कर्तव्य है। हमे प्रतिदिन एक कदम आगे बढ़ा कर देश को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने की ज़रूरत है। पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह से बंद कर हम आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित कर सकते हैं। स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों का अनुसरण करना चाहिए।
चिन्मयानंद की गिरफ्तारी पर बोले डीजीपी पुलिस के पास मजबूत साक्ष्य
उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा स्वामी चिन्मयानंद पर लगे दुष्कर्म के आरोप जांच में पुष्ट हुए हैं। आज सुबह आश्रम से उनकी गिरफ्तारी की गई है। दुष्कर्म के मामले में पीडि़ता के जितने भी वीडियो थे। उनकी फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई। जांच में सभी वीडियो सही पाए गए। एसआइटी ने हर मामले की बारीकी से जांच की थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद स्वामी चिन्मयानंद की गिरफ्तारी की गई है। इस प्रकरण में ब्लैकमेल करने वाले तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
भाजपा बूथ अध्यक्ष चुनाव में मारपीट, एक का सिर फूटा
मुरादाबाद में भाजपा बूथ अध्यक्ष के चुनाव में मामूली सी बात को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक कार्यकर्ता का सिर भी फट गया। पुलिस को तहरीर देने पर भाजपा के पदाधिकारी मामले में दबाने में जुट गए। खुद को अनुशासित पार्टी बताने वाली भारतीय जनता पार्टी में बूथ अध्यक्ष चुनाव में नियम तार-तार हो गए। भाजपा संगठन की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभी बूथ अध्यक्ष पद पर चुनाव चल रहे हैं। गुरुवार को कटरा पूरन नाज और कंजरी सराय के बूथ 19 और 20 के चुनाव हो रहे थे।