Top Moradabad News of the day 10 october 2019, शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
राहुल हमारे लीडर हैं, सिर्फ अध्यक्ष बदले हैं : सलमान खुर्शीद
पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी हमारे लीडर हैं। सोनिया गांधी और प्रियंका भी हमारी लीडर हैं। सिर्फ अध्यक्ष बदले हैं। इस वक्त राहुल बेशक कांग्रेस अध्यक्ष न हों लेकिन, अगर वह होते तो पार्टी और अधिक मजबूती से काम करती। हम सब चाह रहे थे कि वह अध्यक्ष रहें। पूर्व मंत्री मुरादाबाद के सहसपुर की रामलीला के शाही दशहरा समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। यहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस कमजोर दौर से गुजर रही है, यह बात हम भी मान रहे हैं। कांग्रेस की कमजोरी दूर करनी है।
अमरोहा के डगरपुरी गांव में प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या
अमरोहा जिले में हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव डगरपुरी में प्रधान के 17 वर्षीय पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके ही खेत में शव पड़ा मिला। पता चलते ही गांव में हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने पीडि़त परिवार से पूछताछ की और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधान मिथिलेश का 17 वर्षीय पुत्र अंकुल कुमार बुधवार की शाम को अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। गुरुवार की सुबह जंगल गए लोगों ने किशोर का खेत में खून से लथपथ शव देखा तो खलबली मच गई।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बोले, सपा सांसद आजम खां ने मुझ पर कराया हमला
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू ने सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कहा है कि सांसद उनकी हत्या कराना चाहते हैं। इसके लिए कुछ दिन पहले लखनऊ से लौटते समय शाहजहांपुर में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट भी सांसद ने कराया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
वैश्विक आतंकी बने उमर के बड़े भाई के यहां टीवी न फ्रिज और न ही स्मार्ट फोन,
सम्भल के वैश्विक आतंकी शना-उल-हक उर्फ आसिम उमर के बड़े भाई के परिवार की आर्थिक स्थिति बदहाल है। आज के दौर में जहां स्मार्ट फोन, टीवी, फ्रिज आम आदमी की जरूरत बन चुका है, वहीं शना के बड़े भाई के पास ये जरूरी संसाधन भी नहीं है। इतने पैसे भी नहीं है कि वह अखबार खरीद सके और देश दुनिया के बारे में जान सके। शना के बड़े भाई 13 किलोमीटर दूरी एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं। वहां तक पैदल जाते और आते हैं। जो मानदेय मिलता है उससे परिवार का खर्च चलता है।
पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल के बयान से बढ़ गईं लोगों की धड़कनें, जानिए ऐसा क्या कहा
डुमरिया गंज के सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल ने कहा कि केंद्र सरकार देश की सीमाओं को मजबूत करने के साथ ही आंतरिक मजबूती भी प्रदान करने का काम कर रही है। असम में एनआरसी लागू करने के बाद पश्चिम बंगाल में भी इसे लाने की बात चल रही है। इसे उत्तर प्रदेश में लागू किया जाना चाहिए। गृह मंत्री पहले से ही इस बात को कह चुके हैं कि भारतीय भू-भाग और परिसंपत्ति पर केवल देश के नागरिकों का हक होगा। देश के अंदर एक भी घुसपैठिया नहीं रहेगा।