आज मुरादाबाद में प्रबुद्ध समाज की नब्ज टटोलेंगे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव, कार्यकर्ताओं से भी करेंगे बात
BSP National General Secretary आज जिले में बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा प्रबुद्ध समाज के लोगों की नब्ज टटोलेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से भी उनकी बात होगी। बसपा सरकार के दौरान हुए कार्यों के बारे में भी बताया जाएगा।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मिशन 2022 की चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने प्रबुद्ध समाज संगठनों को अपने साथ जोड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आज जिले में बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा प्रबुद्ध समाज के लोगों की नब्ज टटोलेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से भी उनकी बात होगी। बसपा सरकार के दौरान हुए कार्यों के बारे में भी बताया जाएगा।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा शनिवार की दोपहर 2:00 बजे तक मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित राही बैंक्वेट हाल में पहुंचेंगे। दिल्ली से सीधे मुरादाबाद का ही कार्यक्रम है। कार्यक्रम की अनुमति कोविड-19 प्रोटोकाल के पालन के साथ बसपा नेताओं को मिली है। इसमें बसपा पदाधिकारियों ने प्रबुद्ध समाज के सदस्यों को जानकारी दे दी है। राही में मंडल भर के प्रमुख जिम्मेदारों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। प्रबुद्ध समाज के साथ कार्यक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। बूथ स्तर पर क्या चल रहा है। कहां कितने प्रबुद्ध समाज के लोग हैं। उनसे संपर्क करने का प्रयास कराया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि बसपा शासन में कानून व्यवस्था चाक चौबंद थी। बसपा ने सभी समाज के हितों को ध्यान में रखकर काम किया है। बरेली-मुरादाबाद कोआर्डिनेटर रणविजय सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव के आगमन की जानकारी सभी को दे दी गई है। अधिक लोगों को कोरोना संक्रमण की वजह से नहीं बुलाया गया है। दोपहर दो बजे उनके आने कार्यक्रम फाइनल है। इसलिए पदाधिकारी समय से पहुंचें।