आज लोकोशेड पुल पर रखे जाएंगे गर्डर Moradabad News
लोकोशेड पुल निर्माण पूरा करने के लिए सोमवार को रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखने का काम किया जाएगा। इसके चलते दोपहर 12 से चार बजे लोकोशेड से होकर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। लोकोशेड पुल निर्माण पूरा करने के लिए सोमवार को रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर रखने का काम किया जाएगा। इसके चलते दोपहर 12 से चार बजे लोकोशेड से होकर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके साथ चार ट्रेन को भी रास्ते में रोककर चलाया जाएगा। इसके लिए दिल्ली रोड, कांठ रोड और रामपुर रोड की ओर से आने वालों वाहनों के लिए रूट डॉयवर्ट रहेगा।
लोकोशेड पुल निर्माण में थोड़ी तेजी आई है। हालांकि, क्रेन में खराबी के कारण काम थोड़ी देरी हुई, जिसके चलते लोगों परेशानी उठानी पड़ी। क्रेन की खराबी को दूर करके एक गर्डर को शिफ्टिंग के लिए ट्राले पर लोड कर दिया गया। रविवार रात को दूसरा गर्डर लोड करने के लिए देर रात काम चलता रहा। सोमवार को दिन में ट्रेन और सड़क यातायात को बाधित रखकर रेलवे लाइन के ऊपर इन गर्डर को रखा जाएगा।
एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र ने बताया कि रविवार को गर्डर शिफ्ट करने के समय दोनों क्रेन एक के बाद एक कर खराबी आई। इन दोनों को ठीक किया गया तो ट्राला पर गर्डर लोड करते समय दिक्कत हुई। इसके कारण निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हो पाया। रात 11 बजे से सुबह छह बजे के बजाय दिन में 10:30 बजे तक इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
यातायात बाधित रहने के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली रोड से कांठ रोड को आने वाले लोग कांशीराम नगर होते हुए पहुंचे। बाइक चालक कपूर कंपनी होते हुए दिल्ली रोड को निकले। रविवार की रात में भी रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक गर्डर रखने की अंतिम तैयारी की जाएगी, इस दौरान भी रूट डायवर्जन रहेगा।
आज यह रहेगा रूट
दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक गर्डर रखने का काम चलेगा। इसके चलते दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को भारी वाहनों को गागन तिराहे से लाकड़ी बाइपास से पंडित नगला होते हुए हनुमान मूर्ति तिराहा पर निकाला जाएगा। वहीं रामपुर की ओर से आने वाले वाहन इसी रास्ते से दिल्ली की ओर जाएंगे तो कांठ रोड के लिए वाहन सीधे आ जा सकेंगे। हरिद्वार, बिजनौर और कांठ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दिल्ली रोड जाने के लिए शेरूआ चौराहा होते हुए चलाया जाएगा। दो पहिया और कार आदि अंदर आ जा सकेंगे। दिल्ली की ओर से आने वाली वाहनों को कांशीराम नगर होकर गुजारा जाएगा।
ये चार ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
गर्डर रखने के दौरान काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस, गजरौला अलीगढ़ पैसेंजर और लखनऊ पैसेंजर को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा।