नाराज पत्नी और बच्चों को फिर से पाने के लिए सफाई कर्मी ने अपने ही घर में करा दी लूट
Robbery in sweepers house आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर लूटकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश। पत्नी की अनदेखी के कारण उसके मन में डर बैठाने के लिए रची गई थी साजिश। नकाबपोश चार बदमाशों ने घर में लूटपाट की थी।
मुरादाबाद, जेएनएन।Robbery in sweeper's house। पत्नी और बच्चों के उपेक्षित बर्ताव से निर्वासित जीवन यापन कर रहे सफाई कर्मी ने परिवार को दोबारा पाने की चाह में अपराध की राह पकड़ ली। पत्नी और बच्चों में खौफ पैदा करने के लिए उसने अपने ही घर में लूट कराई। सफाई कर्मी की इस करतूत को पत्नी पहले ही भांप गई और दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना में शामिल कुछ छह आरोपितों में से चार को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया। दो फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मझोला थाना क्षेत्र के मलकदा गांव की रहने वाली शाहिदा परवीन में 19 नवंबर को तहरीर दी। बताया कि 18 नवंबर की रात घर में घुसे नकाबपोश चार बदमाशों ने लूटपाट की। महिला के मुताबिक लुटेरे एक लाख रुपये नकदी समेत करीब छह लाख रुपये के जेवर लूट ले गए। लूटपाट का आरोप महिला ने अपने ही पति फिदा हुसैन व ननदोई नसीम निवासी नई मस्जिद पंडित नंगला कटघर पर लगाया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मिले क्लू ने खोली घटना
आरोप के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शाहिदा परवीन के सफाई कर्मी पति फिदा हुसैन को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला के संदेह को बल मिला। फिदा हुसैन ने माना कि अपने ही घर में लूटपाट की साजिश उसी ने रची थी। महिला को शक न होता तो पुलिस को इस घटना का पर्दाफाश करने में और वक्त लग सकता था। वहीं अपने ही घर में लूट की साजिश रचने के इस मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।