नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए बवाल में तीन और आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने रामपुर बवाल के तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो की गिरफ्तारी शहर कोतवाली पुलिस ने की है। पुलिस इन मुकदमों में अब तक 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और 200 से अधिक के खिलाफ चार्जशीट लगा चुकी है।
मुरादाबाद, जेएनएन। पुलिस ने रामपुर बवाल के तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो की गिरफ्तारी शहर कोतवाली पुलिस ने की है। शहर कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मुहल्ला बजरिया खानसामा का तालिब पुत्र जाहिद है, जिसे मुहल्ला घेर मर्दान खां से पकड़ा है। दूसरा मुहल्ला तीतर वाली पाखड़ का सैजी उर्फ फैजी पुत्र रईस है। उसे हाथीखाना चौराहा से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गंज कोतवाली पुलिस ने मुहल्ला टाट शाह मियां का मजार निवासी शानू पुत्र रहमत खां को गिरफ्तार किया है।
गंज कोतवाली प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि शानू वर्तमान में आसरा कालोनी सिविल लाइंस में रह रहा था। उसे आसरा कालोनी से गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि बवाल की घटना 21 दिसंबर 2019 को हुई थी। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में भीड़ रामपुर में सड़कों पर आ गई थी। भीड़ ने कई जगह हिंसक प्रदर्शन किया था। हाथीखाना चौराहे पर पुलिस से मारपीट और पथराव किया था। छह बाइक और पुलिस की एक जीप भी फूंक दी थी। इस दौरान गोली चलने से एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में गंज और शहर कोतवाली पुलिस ने हजारों लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। मुकदमे बलवा, जानलेवा हमला, लूट, हत्या, मारपीट, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 7 क्रिमनल ला अमेंडमेंट एक्ट आदि धाराएं लगाई गई थीं। पुलिस इन मुकदमों में अब तक 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और 200 से अधिक के खिलाफ चार्जशीट लगा चुकी है। गिरफ्तारी का सिलसिला अब भी जारी है।