फैक्ट्री से लौट रहा था युवक, जंगली हाथियों ने मार डाला Rampur News
आबादी में घुस आए जंगली हाथी खतरनाक होते जा रहे हैं। हाथियों ने फिर एक युवक की जान ले ली। युवक रविवार की देर रात किसी फैक्ट्री में मजदूरी करके घर लौट रहा था।
रामपुर। आबादी में घुस आए जंगली हाथी खतरनाक होते जा रहे हैं। हाथियों ने फिर एक युवक की जान ले ली। युवक रविवार की देर रात किसी फैक्ट्री में मजदूरी करके घर लौट रहा था। रास्ते मे मिले जंगली हाथियों ने हमला कर उसे मार डाला। इससे पहले जंगली हाथियों के हमले में वन रक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है और महावत समेत चार लोग घायल हो चुके हैं। हाथियों को पकडऩे में वन विभाग नाकाम है। हाथी अब भी शहजादनगर और मिलक थाना क्षेत्र के आसपास गांवों में घूम रहे हैं।
हाथी के हमले में जान गंवाने वाला युवक शहजाद नगर थाना क्षेत्र के चनपुरा गांव का 20 वर्षीय राजू यादव पुत्र जीवन यादव था। वह शराब फैक्ट्री में मजदूरी करता था। रविवार की रात वह फैक्ट्री से घर साइकिल से जा रहा था। मगरमऊ और चंद्रपुरा गांव के रास्ते में हाथियों ने उस पर किसी समय हमला कर मार डाला। उसकी मौत का पता तब चला, जब शहजाद नगर थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर होमगार्ड राधेश्याम वहां से गुजर रहा था। मोटरसाइकिल की लाइट में रोड पर पड़ी साइकिल देख उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई। उसने गांव में जाकर जिक्र किया तो राजू का इंतजार कर रहे परिजन घबरा गए। गांव वालों के साथ परिजन घटनास्थल पर दौड़े। उसकी तलाश की तो धान के खेत में राजू का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस आ गई। पुलिस ने शव कब्जे में कर लिया। इस घटना से जहां लोगों में हाथियों को लेकर दहशत है, वहीं वन विभाग की नाकामी से आक्रोश भी है।