शिकायत लेकर थाने पहुंची वृद्ध महिला को थानाध्यक्ष ने खिलाया खाना
मुरादाबाद जेएनएन आम जनता की नजर में पुलिस की छवि अमानवीय रहती है लेकिन पुलिस का ऐसा चेहरा भी देखने को मिलता है जिसकी चारों ओर प्रशंसा होती है।
मुरादाबाद, जेएनएन : आम जनता की नजर में पुलिस की छवि अमानवीय रहती है लेकिन, पुलिस का ऐसा चेहरा भी देखने मिलता है जिसकी चारों ओर प्रशसा होती है। ऐसा ही मामला भगतपुर थाने में देखने को मिला। शुक्रवार को एक वृद्ध महिला बेटों की शिकायत लेकर थाने पहुंची। वृद्ध महिला को लड़खड़ाते हुए देखकर थानाध्यक्ष अपने आप को रोक नहीं पाए और खुद वृद्ध महिला को सहारा देते हुए उसको कुर्सी पर बिठाया। उसकी शिकायत सुनीं और खाना खिलाकर थाने की गाड़ी से घर भिजवा दिया। हिदायत भी दी कि वृद्ध महिला को परेशान किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भगतपुर थाना क्षेत्र की ग्राम निवाड़ खास निवासी रामवती पत्नी स्व. गजराम सिंह शुक्रवार दोपहर भगतपुर थाने में अपने बेटों की शिकायत करने गई थी। वृद्ध महिला को थाना परिसर में लड़खड़ाते हुए आता देख थानाध्यक्ष सुनील कुमार अपने आप को नहीं रोक पाए और खुद वृद्ध महिला को सहारा देकर कुर्सी पर बिठाया। वृद्ध महिला ने बताया कि कई वर्ष पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। चार बेटे हैं जो उसको खाना-पीना नहीं देते हैं जिससे वह बहुत परेशान है। थानाध्यक्ष ने वृद्ध महिला को खाना खिलाया और सरकारी जीप में बैठाकर महिला को घर भिजवाया। महिला के बेटों को हिदायत दी कि अगर वृद्ध महिला को परेशान किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वृद्ध महिला का हाल-चाल जानने के लिए हर सप्ताह उसके घर पुलिस भी जाएगी।