दुकान का किराया देने जा रही बुटीक संचालिका का बदमाशों ने पर्स लूटा
दुकान का किराया देने जा रही बुटीक संचालिका का बदमाशों ने पर्स लूटा।
मुरादाबाद, जेएनएन। लॉकडाउन में ढील मिलते ही अपराधी सक्रिय होने लगे हैं। रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार लुटेरे दुकान खोलने के लिए घर से निकली बुटीक संचालिका का पर्स लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर एसपी सिटी और अपर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मौके पर पहुंच गए हैं। लुटेरों की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं लेकिन, अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
रविवार को सुबह करीब 10:50 बजे बुद्धि विहार सेक्टर-4 की रहने वाले मुकेश कुमार की पत्नी गीता देवी बुटीक खोलने के लिए घर से पैदल निकली थीं। गीता बुद्धि विहार सेक्टर-दो खुशहालपुर रोड की तरफ बुटीक है। उनके पास पर्स और एक बैग था। पर्स उनके कंधे में टंगा था जबकि बैग हाथ में था। गीता जैसे ही डीपी यादव चौराहे पर पहुंची पीछे से बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उनके कंधे पर टंगा पर्स झपट्टंा मारकर लूट लिया। इससे पर्स की हैंडिल टूटकर गीता के हाथ में रह गए गीता के पर्स में पांच हजार रुपये, दुकान की चाबी और मोबाइल था। वह दुकान का किराया देने के लिए रुपये ले जा रही थीं। महिला के शोर मचाते ही चौराहे पर सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने बाइक सवार लुटेरों की तलाश की लेकिन, उनका सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक मझोला राकेश कुमार ने घटना स्थल पर पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइंस को बताया। वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। एसओजी की टीम भी पहुंच गई। बाइक सवार लुटेरों की तलाश में शहर की नाकाबंदी करा दी गई। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग करनी शुरू कर दी। गीता के बताए गए हुलिये के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। उनके घर के पड़ोस में घटना हुई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। बाद में एसपी सिटी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे और महिला से घटना के संबंध में जानकारी की। अपर पुलिस अधीक्षक, सिविल लाइंस दीपक भूकर ने बताया कि मुकदमा लिखकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। एसओजी को भी खुलासे में लगाया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही लुटेरे पकड़े जाएंगे। लॉकडाउन में ढील होते ही बढ़ा अपराध
-लॉकडाउन में ढील मिलते ही अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। रेलवे स्टेशन के सामने सुशील कुमार की कैंटीन में तीन बार चोरी हो चुकी है। इसके अलावा मझोला के मानपुर नारायणपुर गांव में चोर एक फर्म से एक लाख रुपये का माल समेटकर ले गए। ठगी की सबसे ज्यादा घटनाएं लॉकडाउन के दौरान हुई हैं। मारपीट और फायरिग की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। पुलिस ने लॉकडाउन के बाद अपराध रोकने को रणनीति नहीं बनाई तो नतीजे अच्छे नहीं होंगे। सीसीटीवी में कैद हो गए लुटेरे
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लुटेरों के पास ब्लैक या नीले कलर की बाइक थी। कलर साफ नहीं दिखाई दे रहा है। बाइक पर पीछे बैठा लुटेरा पिंक कलर की शर्ट पहने है। दोनों लुटेरों के मास्क लगा था। एक सीसीटीवी में फुटेज तो मिली है लेकिन, धुंधली है। कोशिश यह की जा रही है कि कोई और फुटेज मिल जाए ताकि लुटेरों की पहचान होने पर उन्हें पकड़ा जा सके। दिल्ली रोड के कई चौराहों पर सतर्कता
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दिल्ली रोड के कई मुख्य चौराहों पर चेकिंग अभियान चला रखा है। शाम होते ही सीओ सिविल लाइंस खुद मानसरोवर कालोनी के मुख्य रास्ते, बुद्धि विहार का मुख्य रास्ते और प्रकाश नगर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग करा रहे हैं। इन क्षेत्रों में शाम को महिलाएं टहलने के लिए निकलती हैं। इसलिए लूटपाट की घटना होने की संभावना बनी रहती है।