लॉकडाउन में बार्डर से वापस लौटा दूल्हा
लॉकडाउन में अनुमति के फेर में शादी फंस गई। बार्डर से दूल्हे को बैरंग लौटना पडा।
मुरादाबाद, जेएनएन : लॉकडाउन में अनुमति के फेर में शादी फंस गई। बार्डर से दूल्हे को बैरंग लौटा दिया गया। इस बीच शाम तक दूल्हा अनुमति के लिए अधिकारियों के चक्कर काटता रहा।
थाना डिलारी के गांव रेहटामाफी निवासी कायम अली की शादी उत्तराखंड के थाना हल्द्वानी निवासी युवती के साथ तय हुई थी। शादी की रस्म 26 मई को पूर्ण होनी थी। निकाह की निर्धारित तिथि पर दूल्हा अपने साथ दो बरातियों के साथ यूपी उत्तराखण्ड बॉर्डर पर पहुंचा तो उत्तराखंड पुलिस ने बरात जाने से रोक दी। पुलिस ने अनुमति के कागजात मागे। अनुमति नहीं मिलने पर दूल्हा को बरातियों सहित वापस लौटा दिया। इसके बाद दूल्हा बरातियों के साथ कोतवाली पहुंचा। जहा पुलिस ने जिलाधिकारी से अनुमति की बात कहकर लौटा दिया। दूल्हा पूरे दिन निकाह के लिए अनुमति के लिए अधिकारियों के चक्कर काटता रहा। आखिर में दूल्हा को बरातियों समेत वापस घर लौटना पड़ा। उधर दुल्हन के घर पर बरात की पूरी तैयारी कर ली गई थी।