खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहा था परिवार, टाटा मैजिक की टक्कर गई तीन की जान Amroha News
डिवाइडर कट से निकली मैजिक की चपेट में बाइक आने से गई तीनों की जान दो लोग जख्मी परिजनों में कोहराम।
अमरोहा, जेएनएन। गजरौला में नेशनल हाईवे पर अवैध कट से निकल रहे टाटा मैजिक में बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार और पुत्र-पुत्री समेत तीन की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में तीन की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जिला बुलंदशहर के थाना स्याहना के गांव जखेड़ा निवासी सौरभ शर्मा अपनी पत्नी संध्या, छह वर्षीय पुत्र कनिष्क और चार वर्षीय पुत्री कनिष्का को लेकर रक्षाबंधन पर गजरौला थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर डोर में हीरालाल के यहां ससुराल गया था। गुरुवार की शाम करीब छह बजे रक्षाबंधन के बाद परिवार एक बाइक पर सवार होकर गजरौला में खरीदारी के लिए जा रहा था। बाइक पर सौरभ का साला पवन भी सवार था। हाईवे पर रौनक फैक्ट्री के सामने एक अवैध कट से अचानक टाटा मैजिक आ गई। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर मैजिक में जा घुसी। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। मौके पर जुटी भीड़ ने उन्हें उपचार के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सौरभ व उसके पुत्र कनिष्क व पुत्री कनिष्का की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में भर्ती होने के बाद उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। जबकि साला पवन व पत्नी संध्या घायल हैं। औद्योगिक चौकी पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक मैजिक लेकर मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि टाटा मैजिक का पता लगाया जा रहा है।