दरवाजे पर आई थी बड़ी बेटी की बरात, छोटी बेटी की मौत से मच गया कोहराम Amroha News
सभासद अरविंद कुमार ने बताया कि दूल्हन की बहन टीबी से पीडि़त थी। अचानक से उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। गमगीन माहौल में बड़ी बहन को विदा किया गया।
अमरोहा। गजरौला के मुहल्ला अतरपुरा में उस समय शादी की खुशियां काफूर हो गईं जब दुल्हन की डोली उठने से पहले उसकी छोटी बहन की मौत हो गई। अंतिम संस्कार के बाद विवाह की औपचारिकताएं पूरी कर बरात को विदा किया गया।
मुहल्ला निवासी राजवीर की तीन पुत्रियां हैं। सोमवार को बड़ी पुत्री अंजली की नजीबाबाद से बरात आई थी। उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन दिपांशी टीबी से पीडि़त थी। घर में बरात का इन्तजार हो रहा था। दिन में 11:30 बजे अचानक दिपांशी की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। बड़ी बहन की शादी वाले दिन छोटी बहन की मौत होने से सारी खुशियां काफूर हो गईं। मौत होने के आधे घंटे बाद ही 12 बजे बरात चौखट पर पहुंच गई। ऐसी स्थिति में डोली उठने से पहले अर्थी को कंधा देना पड़ा। इस ²श्य को देखकर हर किसी की आंख नम हो गई। मुहल्लेवासियों ने पहले मृतका का अंतिम संस्कार कराया और देर रात करीब 11 बजे विवाह की औपचारिकता पूरी कराकर डोली उठवाई।