नवंबर में बज सकता है पंचायत चुनाव का बिगुल,तीन जिलों का होगा परिसीमन Moradabad News
मुरादाबाद सम्भल और गोंडा जिले का होगा पूरा परिसीमन। चुनाव से पहले पूरा होगा परिसीमन का कार्य।
मुरादाबाद,जेएनएन। नवंबर-2020 में पंचायत चुनाव होंगे। इसके पहले प्रदेश के 48 जिलों में आंशिक और तीन जिलों का पूरा परिसीमन होगा। इसके बाद पंचायतों में आरक्षण तय किया जाएगा। आरक्षण तय होने के बाद ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम सभा वार्ड सदस्य का चुनाव होगा। प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए कटिबद्ध है। चुनाव पूर्व परिसीमन और आरक्षण कार्य पूरा कराया जाएगा।
प्रदेश सरकार के पंचायत राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि दस साल बाद परिसीमन कराने का प्रावधान है लेकिन 2011 की जनगणना हुई थी। इसके बाद 2015 में पंचायत चुनाव हुए। परिसीमन नहीं होने से प्रदेश के 48 जिलों की 2,500 ग्राम पंचायतें सीमा विस्तार के कारण नगर पालिक और नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो गयी हैं। मथुरा, अयोध्या, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद समेत कई नगर निगम और नगर पालिका बनाए गए हैं। मुरादाबाद, सम्भल और गोंडा जिले के परिसीमन नहीं होने से जिले से सटी ग्राम पंचायतों का निर्धारण सही नहीं हो रहा है, ऐसे में इन तीनों जिलों का पूरा परिसीमन होगा। सीमा विस्तार में फंसे 48 जिलों का आंशिक परिसीमन नवंबर के पहले पूरा करा लिया जाएगा। परिसीमन के बाद आरक्षण तय किया जाएगा, इसके बाद पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। पंचायत चुनाव में भाजपा की दावेदारी के सवाल पर कहा कि हमारा मकसद हर व्यक्ति से सीधे जुडऩा है, इसलिए चुनाव में हिस्सेदारी कर रहे हैं।