चार दिन से लापता युवक का शव मिला,जंगली जानवर ने भी खा लिए शरीर के अंग Amroha News
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। कई दिन से लापता युवक की हो रही थी तलाश। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अमरोहा,जेएनएन। चार दिन से लापता युवक का शव बुधवार को खेत में पड़ा मिला। उसके शरीर के अंग जंगली जानवरों ने खा लिए हैं। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव जगुआ खुर्द की है। यहां पर किसान निर्मल सिंह का परिवार रहता है। उनका सबसे छोटा बेटा ओमवीर सिंह चार दिन से लापता था। बताते हैं कि किसी बात पर परिजनों से नाराज होकर वह घर से निकल गया था। परिजनों ने काफी तलाश भी किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। बुधवार सुबह गांव के ही कर्मवीर सिंह अपने खेत पर गए थे। उन्होंने खेत मे शव पड़ा देखा। वह जंगली जानवरों द्वारा भी खाया गया था। साथ ही शरीर काला पड़ चुका था। कर्मवीर सिंह दौड़ कर गांव गए तथा ग्रामीणों को शव पड़ा होने की सूचना दी। थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की शिनाख्त ओमवीर के रूप में की गई। युवक का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर आ गए। पुलिस ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद युवक की मौत का राज सामने आएगा।