रामपुर बवाल प्रकरण में फरार चल रहा आरोपित गिरफ्तार
Rampur commotion case नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 21 दिसंबर 2019 को लोगों की भीड़ सड़कों पर आ गई थी। भीड़ ने जगह-जगह बवाल कर दिया था। इस मामले में अब तक कई आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है।
रामपुर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए बवाल के मुकदमे में फरार चल रहे एक आरोपित को गंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला घेर मियां खेल टावर वाली गली का नजम पुत्र मशकूर खां है।
गंज कोतवाली प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि आरोपित को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया है। आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। याद दिला दें कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 21 दिसंबर 2019 को लोगों की भीड़ सड़कों पर आ गई थी। भीड़ ने जगह-जगह बवाल कर दिया था। हाथीखाना चौराहे पर हुए बवाल में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे। बवाल के दौरान भीड़ ने छह बाइक और भोट थाने की जीप को भी फूंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में शहर कोतवाली व गंज थाने में हजारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।