मुरादाबाद में तांत्रिक ने जेठानी से किया दुष्कर्म, देवरानी से छेड़छाड़
महिला ने पति को आपबीती सुनाई। बताया कि तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी से नहीं बताने की चेतावनी दी। उसके बाद देवरानी के कमरे में चला गया।
मुरादाबाद (जेएनएन)। पीतलनगरी मुरादाबाद में तंत्र क्रिया से बच्चे का इलाज करने को उत्तराखंड से बुलाए गए तांत्रिक ने जेठानी के साथ दुष्कर्म और देवरानी के साथ छेड़छाड़ कर दी। इससे पहले परिवार के लोगों को रात में तांत्रिक ने श्मशान में क्रिया करने के लिए भेज दिया था।
मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव में बच्चे की तबीयत खराब होने पर उत्तराखंड के थाना जसपुर के ग्राम राजपुर निवासी तांत्रिक हरिराज सिंह को बुलाया गया था। सोमवार शाम को तांत्रिक पहुंच गया। इसके बाद आधी रात को बीमार बेटे और पिता को तंत्र सामग्री लेकर श्मशान में रखने के लिए भेज दिया। गांव से काफी दूर श्मशान में तंत्र सामग्री रखकर पिता-पुत्र लौटे तो तांत्रिकगायब था। ग्रामीण के बाकी बच्चे बेसुध सो रहे थे।
महिला ने पति को आपबीती सुनाई। बताया कि तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी से नहीं बताने की चेतावनी दी। उसके बाद देवरानी के कमरे में चला गया। देवरानी ने तांत्रिक से पति की नशे की लत छुड़ाने की गुहार लगाई। इस पर तांत्रिक ने उसके पति को सामग्री लेकर चौराहे पर रखने के लिए भेज दिया।
इसके बाद तांत्रिक ने देवरानी से दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन तभी उसका पति आ गया। इस पर तांत्रिक चला गया। मामले की जानकारी पर परिजनों ने दोबारा तांत्रिक को इलाज का झांसा देकर गुरुवार को बुलाया। सुबह उसके आते ही कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को बुला लिया। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर हरिराज सिंह के खिलाफ दुष्कर्म और दूसरी महिला से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।