राम गंगा विहार फेज दो में नहीं जाते सफाई कर्मी, सड़कों पर फैला कूड़ा, बदबू से परेशान लोग
Cleaning in Ram Ganga Vihar Phase 2 राम गंगा विहार फेज दो में गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं। शिकायत पर भी उनकी सुनवाई नहीं हो पा रही है। फेज प्रथम तक की सफाई ही नगर निगम के सफाई कर्मचारी कर रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Cleaning in Ram Ganga Vihar Phase 2। राम गंगा विहार फेज दो कूड़ाघर बनकर रह गया है। यहां कूड़ेदान उल्टे पड़े हैं और सड़कों पर कूड़ा पड़ा है। गुलाम मस्जिद के सामने से रामगंगा बिहार फेज दो को रास्ता जाता है। यहां तीन कूड़ेदान रखे हुए थे जो अब खाली प्लॉट में उल्टे पड़े हैं। इसकी दुर्गंध से आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।
सफाई इंस्पेक्टर, सफाई नायक व सफाई कर्मचारियों ने इस ओर जाना ही बंद कर दिया है। अगर गए होते तो यह स्थिति ना होती। करीब एक टन कूड़ा यहां निकलेगा। लोगों ने इसकी फोटो खींचकर नगर निगम के कंट्रोल रूम के वाटसएप नंबर पर भेजा लेकिन कोई असर नहीं हुआ। दो हैंगिंग कूड़ेदान और दो बड़े वाले कूड़ेदान रखे हुए थे। चार कूड़ेदान भरे हैं लेकिन उठाने वाला कोई नहीं।
दो भागों में फंसी सफाई व्यवस्था
राम गंगा विहार फेज प्रथम तक की सफाई नगर निगम के सफाई कर्मचारी कर रहे हैं। रामगंगा विहार फेज प्रथम में ही सफाई व्यवस्था ठीक है। राम गंगा विहार फेज दो में करीब ढाई हजार परिवार रहते हैं। यहां की नालियां बजबजा रहींं हैं। पानी खाली प्लॉटों में भर रहा है। वार्ड 18 और वार्ड 34 में बंटे राम गंगा विहार फेज दो की सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भी ध्यान नहीं दे रहे। सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह का कहना है कि विशेष सफाई अभियान शुरू होने वाला है। इस दौरान सफाई कराई जाएगी। लेकिन इससे पूर्व संबंधित सफाई इंस्पेक्टर से जवाब लेंगे कि वहां सफाई क्यों नहीं कराई जा रही है।