बाजार में चीनी भी मिल रही मिलावटी, चॉक और यूरिया मिला रहे दुकानदार, आइये बताते हैं कैसे करें पहचान
त्योहारी सीजन में मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे हैं। सामान के पैसे भी पूरे वसूले जाते हैं और उन्हें मिलावटी सामान देकर खतरे में भी डाला जा रहा है। आज ही संकल्प लें कि पूरे पैसे दे रहे हैं तो खरा सामान ही लेंगे।
मुरादाबाद, जेएनएन। त्योहारी सीजन में मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे हैं। सामान के पैसे भी पूरे वसूले जाते हैं और उन्हें मिलावटी सामान देकर खतरे में भी डाला जा रहा है। इसलिए सेहत से समझौता नहीं करें। आज ही संकल्प लें कि पूरे पैसे दे रहे हैं तो खरा सामान ही लेंगे। मिलावट की पुष्टि होने पर दुकानदार और सामान बनाने वाली कंपनी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराएंगे। जिससे मिलावटखोरी पर लगाम लग सके। इसलिए तय कर लें कि हमें मिलावटी सामान नहीं लेना है। अभिहित अधिकारी बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि मिलावट की जांच जरूर करें। सामान खरीदने के बाद अगर आपको लगता है कि सामान में मिलावट है तो उसकी जानकारी फौरन हमारे कार्यालय में संपर्क करें। आइये बताते हैं कि मिलावटी सामान को कैसे पहचाना जाए।
पहचान एक
10 ग्राम चीनी को एक गिलाास पानी में घोलने पर चॉक पाउडर निचली सतह पर आकर जमा हो जाएगा। ये चेक करने के बाद आप फौरन विभागीय अधिकारियों को सूचित कर सकते हैं।
पहचान दो
चीनी में यूरिया की पहचान के लिए चीनी को पानी में घोलने पर अमोनिया की गंध आती है। अगर ऐसा है तो आप समझ लीजिये कि इसमें यूरिया की मिलावट की गई है।
पहचान तीन
चीनी में अगर प्रतिबंधित रंग चेक करना है तो उसके लिए पांच मिलीग्राम चीनी के घोल को परखनली में लेकर कुछ बूंदे सांद्र हाइड्रोक्लोरिक अम्ल मिलाने पर निचली सतह पर गुलाबी रंग दिखाई देगा।
इस नंबर पर करें कॉल 9451540804
मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान चला रखा है। आपको मिलावट की शंका हो तो आप मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मोबाइल नंबर 9451540804 पर जानकारी दें। जानकारी मिलने के फौरन बाद टीम मौके पर जाकर नमूने संकलित करेगी।