कोरोना वायरस का ऐसा डर कि फासले से ही पूछ रहे मरीजों से मर्ज Moradabad News
महिला अस्पताल के वार्डों में लगाया हाइड्रोक्लोराइड से पोछा। ओपीडी में एक-एक कर बुलाए जा रहे मरीज बचाव की जानकारी।
मुरादाबाद,जेएनएन। कोरोना वायरस को लेकर पूरी दुनिया में दहशत है। कोई भी देश इससे अछूता नहीं है। हर विभाग अपने स्तर से इस संकट से निपटने की तैयारी कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग भी इससे अछूूता नहीं है। इसी क्रम में धरती के भगवान कहे जाने वाले भी कोरोना के कहर से दहशत में हैं। मरीजों को एक निश्चित फसले से ही देख रहे हैं। प्रतिदिन 250 से ज्यादा की ओपीडी होती है। इसमें आने वाली गर्भवती को एक-एक कर बुलाया जा रहा है। गर्भवती को बेहतर खानपान की सलाह के साथ ही हाथों को सैनिटाइज करने के लिए भी जोर दिया जा रहा है।
अस्पतालों में बरती जा रही है सावधानी
कोरोना वायरस को पुरुष अस्पताल के बाद महिला अस्पताल में भी सतर्कता बरती जा रही है। मंगलवार को महिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कतार लग गई। कर्मचारियों ने कतार मेें लगी महिलाओं को एक-एक मीटर के फासले पर खड़ा किया। इसके साथ ही चिकित्सक कक्ष में भी एक-एक कर मरीजों को भेजा गया। तीमारदारों के अंदर जाने पर पाबंदी लगा दी। लेबर रूम में भी सैनिटाइजर रखवाया गया है। यहां आने वाले मरीजों को चेक करने के बाद चिकित्सक हाथों को सैनिटाइज कर रहीं है।
मरीजों के हाथों पर लगाया जा रहा सैनिटाइजर
मरीज के हाथों पर भी सैनिटाइजर लगवाया जा रहा है। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता मौर्या ने बताया कि सावधानी ही बचाव है। मरीजों को भी दूर करके उनसे हालचाल पूछा जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें भी बताया जा रहा है कि कम से कम 20 सेकंड पानी से हाथ धोएं। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना सिंह ने बताया कि वार्डो में हाईड्रोक्लोराइड से पोछा लगवाया जा रहा है। इसके साथ ही कोरोना से बचाव के बारे में भी बताया जा रहा है।
सतर्कता की है उपाय
डॉक्टरों का कहना है कि आसपास साफ-सफाई रखने के साथ लोगों से उचित दूरी बनाना इस समय ज्यादा बेहतर है। कोरोना वायरस के लक्षण अगर दिखाई दें तो इसकी जानकारी संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें और नजदीकी अस्पताल में जाकर चेकअप कराएं।