अधूरी सड़क बनाकर लगाया विकास कार्यों का पत्थर
नगर निगम में सड़क निर्माण के नाम पर खेल हो रहा है। वार्ड-तीन में नानकपुरा बैंक कालोनी में एक सड़क आगे और पीछे से बना दी गई और बीच का हिस्सा छोड़ दिया गया है।
मुरादाबाद : नगर निगम में सड़क निर्माण के नाम पर खेल हो रहा है। वार्ड-तीन में नानकपुरा बैंक कालोनी में एक सड़क आगे और पीछे से बना दी गई और बीच का हिस्सा छोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं अधूरी सड़क बनाकर विकास कार्य पूरा दिखाकर पत्थर भी लगा दिया गया है। इससे मुहल्लेवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
अफसरों के न मिलने पर लौटे वापस
सोमवार को कई लोग नगर निगम पहुंचे लेकिन अफसरों के नहीं मिलने पर वापस लौट आए। यह सड़क 200 परिवारों को जोड़ती है और कांशीराम नगर व मिलन विहार कालोनी को भी यहीं से रास्ता जाता है। 40 मीटर जिस हिस्से को छोड़ा है उसके दोनों और नालियां बना दी गई हैं।
तीन साल में टुकड़ों में बनी सड़क
वर्ष 2016 में सड़क पहली बार बनी थी। तब भी पूरी सड़क नहीं बनाई। इसके बाद कुछ हिस्सा फिर बनाया गया। अब 40 मीटर हिस्सा फिर छोड़ दिया गया। विमल कुमार का कहना है कि नगर निगम ने कागजों में पूरी सड़क बना दी जबकि मौके पर बीच का हिस्सा छोड़ दिया गया। दयाराम ,महिपाल सिंह व नरेश ने भी नगर निगम अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
सड़क निर्माण में खर्च हुई धनराशि
अब तक सड़क निर्माण में कितनी धनराशि खत्म हुई है। यह जानने के लिए कहीं जाने की जरूरत आपको नहीं है। राज्य वित्त आयोग निधि से 87 लाख 20 हजार रुपये की लागत से सड़क बनाने का प्रमाण पत्थर पर है।
बोले अधिकारी, मामला संज्ञान में नहीं
अधिशासी अभियंता नगर निगम विजेंद्र कुमार पाल ने कहा कि मेरी जानकारी में यह मामला नहीं है। बीच का हिस्सा क्यों छोड़ा गया है, इसकी मौके पर पड़ताल की जाएगी। पड़ताल में शिकायत सही मिली तो जिसकी भी गलती होगी कार्रवाई की जाएगी।