अवैध वेंडर मिले तो स्टेशन अधीक्षक होंगे तड़ीपार moradabad news
स्टेशन पर अवैध वेंडर पाए जाने पर स्टेशन अधीक्षक को दोषी ठहराया जाएगा और दूसरे मंडल तबादला किया जाएगा।
प्रदीप चौरसिया, मुरादाबाद : रेल प्रशासन अवैध वेंडर और स्टेशन पर अधिक कीमत लेने वालों के खिलाफ अभियान चलाने जा रहा है। स्टेशन पर अवैध वेंडर पाए जाने पर स्टेशन अधीक्षक को दोषी ठहराया जाएगा और दूसरे मंडल तबादला किया जाएगा। ट्रेन में अवैध वेंडर पाए जाने पर तैनात टीटीई व सुरक्षा को तैनात जवान दोषी होंगे।
खान-पान व्यवस्था में सुधार करने के लिए रेल प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा हैै। बेस किचन पर आनलाइन निगरानी, कैशलेस खाना बेचने की व्यवस्था के साथ जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। इसके बाद भी अवैध वेंडर की संख्या में कमी नहीं आ रही है। इससे ट्रेनों में खान-पान की गुणवत्ता नहीं सुधर पा रही है और लगातार शिकायत बढ़ रही है। इसके पीछे कारण स्टेशन व ट्रेनों में अवैध वेंडरों ने रेलवे के विभिन्न विभागों के प्रभारियों से साठगांठ कर रखी है।
अब स्टेशन पर अवैध वेंडरों को रोकने के लिए स्टेशन अधीक्षक और ट्रेन के लिए प्रभारी टीटीई व सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है। स्टेशन अधीक्षक अवैध वेंडर पर रोक लगाने के लिए वाणिज्य, परिचालन, सुरक्षा विभाग के प्रभारियों को आदेश देगा। आदेश का पालन नहीं करने वाले कर्मियों के खिलाफ रेल प्रशासन कार्रवाई के लिए मंडल रेल प्रशासन को पत्र भेजेगा।
बरेली रेलवे स्टेशन अधीक्षक को दी चेतावनी
मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद रेल मंडल प्रबंधन ने अवैध वेंडरों वाले स्टेशनों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है। अवैध वेंडर के लिए बदनाम बरेली, हापुड़, हरिद्वार स्टेशनों की निगरानी बढ़ाई गई है। स्टेशन अधीक्षकों को सचेत किया गया है।
बरेली स्टेशन अधीक्षक को चेतावनी जारी की गई है। प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा ने बताया कि अवैध वेंडर मिलने पर स्टेशन अधीक्षक के खिलाफ तबादला व अन्य तरह की विभागीय कार्रवाई होगी। वेंडरों को खाने का बिल देने का आदेश दिया गया है। यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है कि बिल नहीं देने पर खाने की कीमत नहीं दें।