किसान आंदोलन पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कही बड़ी बात-बोले भाजपा सरकार अपना रही दमनकारी नीति
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का वादा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी लेकिन स्वामीनाथन रिपोर्ट तक अभी लागू नहीं की गई। 14 दिन में गन्ना भुगतान होगा आदि समेत सभी वायदे हवा-हवाई साबित हुए।
मुरादाबाद, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि तकरीबन एक माह से कड़ाके की ठंड में किसान सड़कों पर हैंं, लेकिन भाजपा सरकार उनकी सुन नहीं रही है। प्रदेश में लूट, डकैती और दुष्कर्म चरम पर हैंं, गुंडाराज का बोलबाला है, भाजपा सरकार झूठ बोलती है, अभी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट तक लागू नहीं की गई है।
यह बातें कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कही। वे रविवार को सम्भल जिले के गुन्नौर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर संगठन सृजन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान व नौजवान विरोधी है। किसान अपने हक की लड़ाई के लिए आवाज उठाता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है। सच लिखने पर मुकदमे लिखे जा रहे हैं। सरकार दमनकारी नीति अपना रही है। देश का अन्नदाता किसान 26 दिन से ऐसी ठंड में भी सड़कों पर है, लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही है। किसान की फसल का दाम निर्धारित नहीं रहता है। जबकि पूंजीपतियों के साबुन, सर्फ, शेंपू आदि सामान पर एमआरपी निर्धारित रहती है। किसान के धान का मूल्य 1860 रुपये निर्धारित किया गया। लेकिन उनको यह मूल्य नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का वादा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी लेकिन स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं की गई। 14 दिन में गन्ना भुगतान होगा आदि समेत सभी वायदे हवा-हवाई साबित हुए। किसानों का चीनी मिल पर गन्ना मूल्य बकाया चल रहा है, लेकिन वही उसे मिल नहीं पा रहा है।