विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGRS शिकायतों की पड़ताल: दूसरे जिले से आईं SP, 20 शिकायतकर्ताओं को खुद बुलाकर जानी सच्चाई

Published: Tue, 15 Sep 2026 11:29 PM (IST)

बरेली जोन के एडीजी के आदेश पर शाहजहांपुर की एसपी देहात भवारे दीक्षा अरुण ने मुरादाबाद में आईजीआरएस पोर्टल पर ...और पढ़ें

सिविल लाइंस थाने में शिकायकर्ता से वार्ता करती शाहजहांपुर की एसपी देहात भवारे दीक्षा अरुण। सौ. पुलिस

सिविल लाइंस थाने में शिकायकर्ता से वार्ता करती शाहजहांपुर की एसपी देहात भवारे दीक्षा अरुण। सौ. पुलिस

HighLights

  1. जिले के चार थानों में पहुंची, कुछ को पुलिस लाइंस बुलाकर सुनी शिकायत

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस पोर्टल) पर दर्ज उन शिकायतों की अब दूसरे जनपद के अधिकारी जांच करेंगे जिनमें शिकायतकर्ता पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा के आदेश पर शाहजहांपुर की एसपी देहात भवारे दीक्षा अरुण मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचीं। उन्होंने जिले के विभिन्न थानों में पहुंचकर 20 असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं से वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनीं।

एसपी देहात सबसे पहले कटघर थाने पहुंचीं और आइजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच की। यहां उन्होंने दो शिकायतकर्ताओं से बातचीत की। इनमें एक महिला का पड़ोसी से विवाद चल रहा है।

दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद एसपी देहात ने कोतवाली, सिविल लाइंस और बिलारी थाने जाकर पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं से भी वार्ता की।

उन्होंने शिकायतों की स्थिति और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। जांच अधिकारी भवारे दीक्षा अरुण ने बताया कि कुल 20 शिकायतकर्ताओं से वार्ता की गई।

इनमें 15 मामले जमीन संबंधी विवाद के हैं। इन मामलों में संबंधित पक्षों के बीच विवाद न्यायालय में भी विचाराधीन है। ऐसे मामलों में पुलिस के स्तर से कोई कार्रवाई किया जाना संभव नहीं है।

पांच मामले पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने से संबंधित मिले। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेज रही है। जांच में सामने आया कि इन मुकदमों में गिरफ्तारी वाली धारा नहीं है।

केस:1:- कटघर निवासी कुसुम राणा का पड़ोसी हरजीत कौर से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ गाली गलौज और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी लिखाई थी।

कुसुम राणा ने आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और हरजीत कौर से सड़क किनारे से खोखे को हटाने की मांग की। पुलिस ने यह कहते हुए खोखे हटाने से इन्कार कर दिया कि यह कार्रवाई नगर निगम करेगा। इसके बाद वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुई। एसपी ने जांच के दौरान महिला को यही समझाया कि खोखा हटाने का काम नगर निगम करेगा।

केस:2:- सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी सतीश मंडोला का अपने बेटे से जमीन का विवाद चल रहा है जो कोर्ट में विचाराधीन है। बीते दिनों सतीश ने आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायती पत्र दाखिल करके बेटे से संपत्ति दिलाने की मांग की थी।

पुलिस ने मामला कोर्ट में होने के चलते हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया था। इसके चलते वह पुलिस की कार्रवाई असंतुष्ट थे। मंगलवार को जांच को पहुंची एसपी देहात ने इनकी समस्या सुनी।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में घास काट रही महिला पर झपटा तेंदुआ, सिर पर मारे पंजे; 4 जिलों में फैली भारी दहशत