सोनाक्षी सिन्हा फिल्म की शूटिंग में व्यस्त, धोखाधड़ी के मामले में नहीं हो सके बयान Moradabad News
फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के धोखाधड़ी के मामले में बयान नहीं हो पाए। वे हैदराबाद में सलमान खान के साथ फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं।
मुरादाबाद । फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के धोखाधड़ी के मामले में बयान नहीं हो पाए। वह हैदराबाद में सलमान खान के साथ फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसलिए विवेचक उप निरीक्षक अजय पाल सिंह उनकी मां पूनम सिन्हा और परिवार के अन्य लोगों से मिलकर लौट आए हैं।
थाना कटघर के शिवपुरी निवासी इवेंट कंपनी के स्वामी प्रमोद शर्मा ने सितंबर में दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें एक कंपनी के माध्यम से उनका फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा से करार हुआ। इसके लिए सोनाक्षी सिन्हा ने किस्तों में 40 लाख रुपये ले लिए थे। कंपनी ने सोनाक्षी की हवाई जहाज का टिकट भी बुक हो चुका था। इसके बावजूद वे कार्यक्रम में नहीं आईं।
कंपनी के स्वामी का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उसे धमकाया भी गया। कंपनी के स्वामी प्रमोद शर्मा ने सोनाक्षी सिन्हा समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तीन जुलाई को प्रमोद ने एसएसपी से मिलकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की थी। एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर विवेचक उप निरीक्षक अजयपाल सिंह टीम के साथ मुंबई पहुंच गए।
विवेचक ने बताया कि सोनाक्षी सिन्हा का घर जुहू मुंबई में है। गुरुवार को वे सोनाक्षी सिन्हा का बयान लेने उनके घर गए तो नहीं मिल नहीं मिल पाईं। घर पर मां पूनम सिन्हा और परिवार के अन्य लोगों से बात हुई। उनकी फोन पर उनके पिता फिल्म अभिनेता एवं पूर्व मंत्री शत्रुघन सिन्हा से बात हुई है। विवेचक को परिवार के लोगों ने बताया कि सोनाक्षी सिन्हा हैदराबाद में सलमान खान के साथ फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। एक-दो दिन में वह समय निकालकर मुंबई आ सकती हैं। इसके बाद ही पुलिस उनके बयान ले पाएगी।