अपशिष्ट प्रबंधन न होने पर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस moradabad news
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन न होने पर मुख्य पर्यावरण अधिकारी अमित चंद्रा ने नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस दिया है। नोटिस का जवाब नगर आयुक्त को १५ दिन में देना है।
मुरादाबाद। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन न होने पर मुख्य पर्यावरण अधिकारी अमित चंद्रा ने नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस दिया है। नोटिस का जवाब नगर आयुक्त को १५ दिन में देना है। समय पर जवाब न देने एवं जवाब से संतुष्ट न होने पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग नगर निगम से २७ करोड़ ५० लाख रुपये जुर्माना वसूलेगा।
इस बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि रामपुर रोड स्थित गुलाबबाड़ी में नगर निगम का अपशिष्ट निस्तारण संयंत्र मई २०१५ से बंद है। महानगर के ७० वार्डों से प्रतिदिन ४१२ टन ठोस अपशिष्ट निकलता है। अपशिष्ट निस्तारण के लिए नगर आयुक्त को वर्ष २०१८ में पत्र जारी किया गया। यह भी कहा गया कि अपशिष्ट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था न होने पर जिम्मेदार पर विधिक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। बावजूद अपशिष्ट प्रबंधन की कोई व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम २०१६ के तहत मुख्य पर्यावरण अधिकारी ने नगर आयुक्त को नोटिस जारी किया है। समय से जवाब न मिलने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
इन क्षेत्रों से निकलता है ठोस अपशिष्ट
महानगर में कटघर, बरबलान, असालतपुरा, गलशहीद, मुगलपुरा, ट्रांसपोर्ट नगर, लाकड़ी फाजलपुर, दिल्ली रोड जैसे क्षेत्रों से ठोस अपशिष्ट निकलता है। बड़ी मात्रा में इन क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट जलाया भी जाता है।
मुख्य पर्यावरण अधिकारी की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन न होने पर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
-अजय कुमार शर्मा, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी
प्रदूषण विभाग का नोटिस मिला है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए ठोस अपशिष्ट के निस्तारण के लिए १५ करोड़ रुपये की धनराशि १४वें वित्त की बैठक में आवंटित कर दी है।
-संजय चौहान, नगर आयुक्त।