Moradabad News: उम्मीद संस्था की अध्यक्ष और दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका शिल्पी सैनी का निधन
शिल्पी सैनी की बहन एकता ने बताया कि शिल्पी को छह दिन पहले बुखार आया था। उपचार के बाद हालत में सुधार हो गई थी। शुक्रवार को अचानक से हालत बिगड़ने पर शिल्पी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। उम्मीद संस्था की अध्यक्ष व विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका शिल्पी सैनी का शनिवार दोपहर में निधन हो गया। वह कई दिन से बुखार से पीड़ित थीं। आज अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते लोगों में शोक की लहर फैल गई।
छह दिन पहले आया था बुखार
शिल्पी सैनी की बहन एकता ने बताया कि शिल्पी को छह दिन पहले बुखार आया था। उपचार के बाद हालत में सुधार हो गई थी। शुक्रवार को अचानक से हालत बिगड़ने पर शिल्पी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान पता चला कि चिकित्सकों ने जांच करने पर पाया कि ब्लेड प्रेशर काफी कम हो गया था। चिकित्सक बीपी को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे लेकिन, स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
छात्राओं को जागरूक करने के अभियान में निभाती थी अग्रणी भूमिका
शनिवार की दोपहर उनकी मौत हो गयी। शिल्पी सैनी विश्व हिंदू परिषद की सक्रिय पदाधिकारी थीं। छात्राओं को जागरूक करने जागरूकता अभियान में अग्रणी भूमिका निभातीं। परिषद के होने वाले कार्यक्रमों में जो भी जिम्मेदारी मिलती, उसे निभाने में जुट जातीं। दुर्गा वाहिनी के कार्यक्रम में छात्राओं की जिम्मेदारी भी संभालतीं। उनके निधन की सूचना मिलने पर दुर्गा वाहिनी की सदस्याओं में शोक की लहर दौड़ गई। शहर के तमाम गणमान्य लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।