मुरादाबाद की एक कालोनी में सड़क पर नकली नोट मिलने से सनसनी Moradabad News
रामगंगा विहार चौकी इंचार्ज ने कब्जे में ली नोटों की गड्डी। नोटों को लेकर देर शाम तक शहर में चर्चाओं का बाजार रहा गर्म। दूर तक फैली अफवाह।
मुरादाबाद,जेएनएन। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अवंतिका कालोनी में सोमवार को सड़क पर बिखरे नोटों की गड्डी मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने नोटों को कब्जे में ले लिया। नोटों की जांच कराने की तैयारी हो रही है। बरामद नोट नकली बताए जा रहे हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी नवल मारवाहा के मुताबिक क्षेत्र में गश्त कर रही पीआरवी को सूचना मिली कि अवंतिका कालोनी में पानी की टंकी के समीप शनि मंदिर के पास सड़क पर नोट बिखरे हैं। कुछ ही देर में पीआरवी मौके पर पहुंच गई। इसकी जानकारी तत्काल रामगंगा विहार चौकी इंचार्ज को दी गई। दलबल के साथ मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सड़क पर नोट मिलने के बावत कोई जानकारी देने से लोगों ने इंकार कर दिया। तब पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसके बाद भी नोट रखने वाले का पता नहीं चला। छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि सभी नोट नकली हैं। सड़क पर नोट क्यों और किसने रखा, यह जांच का विषय है। पुलिस नोटों की जांच कराने की तैयारी में है। सड़क पर नोट मिलने की घटना से देर तक अफरा-तफरी व उहापोह का माहौल रहा। नोटों के जरिए कोरोना वायरस का संक्रमण फैलाने की कोशिश से संबंधित अफवाहें सोशल मीडिया पर उड़ती रहीं।