Sanitation Survey 2021 : सुंदरीकरण के लिए डिवाइडर पर रखे जाएंगे 30 इंच लंबे सीमेंट के गमले
Sanitation Survey 2021 पिछले साल चोरी हो गए थे 1000 में आधे से अधिक गमले। चोरी से सबक लेकर अबकी बार सीमेंट के भारी गमले रखे जाएंगे। पिछले साल प्लास्टिक के गमले थे जिन्हें उठाकर ले जाना आसान था।
मुरादाबाद, जेएनएन। Sanitation Survey 2021। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को सफल बनाने के लिए अबकी बार फिर गमले रखने की तैयारी है। पिछले साल 350 गमले चोरी हो गए लेकिन, फिर से सुंदरीकरण पर लाखों रुपये खर्च किए जाएंगे।
सुंदरीकरण के लिए लगाई बोलार्ड लाइट भी करीब 150 चोरी हो चुकी हैं। लेकिन, स्वच्छता सर्वेक्षण में सुंदरीकरण भी शामिल है। इसलिए नगर निगम को लाखों की चपत लगने के बाद भी एक हजार गमले रखने की तैयारी है। पिछले साल 1000 गमले रखे गए थे। जिसमें आधे से अधिक चोरी हो गए। करीब 350 गमले अब उठवाकर नर्सरी में रखवा दिए हैं। पिछले साल प्लास्टिक के गमले थे, जिन्हें उठाकर ले जाना आसान था। अबकी बार सीमेंट के गमले रखे जाएंगे। इनका आकार भी 30 इंच लंबा रखा गया है, जो भारी होने के कारण उठ नहीं पाएंगे। सीमेंट के गमले रखवाने को प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। दिल्ली व कांठ रोड पर यह गमले लगवाए जाएंगे। सहायक नगर आयुक्त द्वितीय दीप शिखा पांडे ने बताया कि पुराने गमले हलके होने के कारण चोरी हुए थे। अबकी बार भारी गमले रखे जाएंगे, जिन्हें चोरी करना या गिराना आसान नहीं है।