सम्भल सांसद डा. बर्क ने फिर दिया विवादित बयान, कहा-मुसलमानों को डराने के लिए खोले जा रहे कमांडो सेंटर
सम्भल सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने फिर से विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को डराने के लिए एटीएस कमांडो सेंटर खोले जा रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने आजम खां पर कहा था कि उनके जैसे हजारों लोग जेल में हैं।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। सम्भल से सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। कहा कि सरकार द्वारा मुसलमानों को डराकर उनका वोट हासिल करने के लिए देवबंद में एटीएस कमांडो सेंटर और सम्भल में पीएसी सेंटर खोलने का एलान किया गया है। पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है वह सिर्फ इत्तेफाक था।
सम्भल लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा मजबूत होनी चाहिए। यह उनका अधिकार है। पंजाब में सुरक्षा की चूक नहीं हुई यह सिर्फ इत्तेफाक था। कोई भी व्यक्ति अपने प्रधानमंत्री के साथ ऐसा क्यों करेगा। ऐसा जान बूझकर नहीं किया गया है। मामले की जांच होनी चाहिए। प्रधानमंत्री को जांच कराकर सच्चाई सामने लानी चाहिए। देवबंद और सम्भल में मुसलमानों की संख्या ज्यादा है। इसलिए भाजपा ने मुसलमानों पर दबाव बनाने के लिए देवबंद में एटीएस कमांडो सेंटर और सम्भल में पीएसी सेंटर खोलने का एलान किया है। जिससे मुसलमान डरकर भाजपा को वोट दें।
आजम खां और शादी की उम्र पर भी दिया था बयान : हाल ही में सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने सांसद आजम खां को लेकर कहा था कि उनके जैसे हजारों लोग जेलों में बंद रहते हैं और वह 12 महीनों बंद रहते हैं, एक आदमी के जेल में बंद होने से चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ता है। चुनाव तो समय पर ही हो रहे हैं। इसके अलावा शादी की उम्र 21 वर्ष किए जाने की बात पर भी सांसद बर्क ने विवादित बयान दिया था। कहा था कि भारत में सबसे ज्यादा गरीबी है और यहां पहले से ही कम उम्र में ही शादियां कर दी जाती थीं। हर धर्म में कम उम्र में बेटियों की शादी होती थी। बाद में सरकार ने 18 साल की उम्र निर्धारित कर दी। अब इसे और बढ़ाकर 21 किया जा रहा है जो पूरी तरह से गलत है। इससे लड़कियां गलत रास्ते पर चली जाएंगी।