मंडी में पुलिस की मौजूदगी में हो रही सब्जी व फलों की बिक्री Sambhal News
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस पूरी सख्ती बरत रही है। बेवजह बाहर घूमने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। रोजाना दर्जनों वाहन सीज किए जा रहे हैं।
सम्भल,जेएनएन। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए मंडी समिति में पुलिस की मौजूदगी में फलों व सब्जी की बिक्री कराई जा रही है। सुबह चार बजे से आठ बजे तक बिक्री की जा रही है। मंडी समिति स्थित सब्जी व फल मंडी में पिछले दिनों खासी भीड़ लग रही थी। इससे शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। मंडी के आढ़तियों ने भी हाथ खड़े कर दिए थे।
उनका कहना था कि भीड़ होने के कारण वह अपनी जान को खतरा बता रहे थे। मंडी प्रशासन भी खासी चुप्पी साधे बैठे था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस ने मंडी के आढ़तियों से सुबह जल्दी आकर आठ बजे तक काम समाप्त करने को कहा। इसके बाद मंडी के आढ़ती सुबह चार बजे आढ़त खोलकर आठ बजे तक सब्जी व फलों की बिक्री करने लगे हैं। पिछले तीन दिनों से प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल ङ्क्षसह पुलिस बल के साथ मंडी पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि सब्जी व फल बिक्री के दौरान शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मंडी में केवल फुटकर व्यापारी ही सब्जी खरीदने आ रहे हैं। मुहल्ले व शहर से सब्जी खरीदने आने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी कारण से अब मंडी में भीड़ कम लग रही है। फल एवं सब्जी व्यापार संघ के अध्यक्ष उमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि अब भीड़ नियंत्रण में है और सब्जी बेचने के दौरान शारीरिक दूरी का पूरा पालन किया जा रहा है।