दौड़ा-दौड़ाकर बरातियों को पीटा, बंधक भी बनाया Moradabad News
गुलाब सिंह के बेटे गोपाल सिंह के साथ शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
मुरादाबाद । पाकबड़ा के उमरी सब्जीपुर गांव में वरमाला के दौरान महिला से बदसलूकी को लेकर ग्रामीणों और बरातियों में लाठी डंडे चल गए। कुछ बराती बंधक बना लिए गए। इसके अलावा बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। दूल्हे ने ससुराल में छुपकर जान बचाई। पुलिस के पहरे में दूल्हा-दुल्हन के फेरे होकर बरात को विदा कराया गया।
थाना पाकबड़ा क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव निवासी कल्लू सैनी की बेटी कविता की बरात अमरोहा जिले के थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के हसनपुर कचिया गांव से आई थी। गुलाब सिंह के बेटे गोपाल सिंह के साथ शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान शाम को समारोह के दौरान दूल्हा दुल्हन एक दूसरे को वरमाला डाल रहे थे। तभी बराती पक्ष के किसी युवक ने गांव की महिला के साथ बदसलूकी कर दी। महिला ने अपनी पति से शिकायत की। इसके बाद ग्रामीण और बरातियों में जमकर लाठी डंडे और कुर्सियां चल गईं। महिलाओं में अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। गांव वालों ने बरातियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। कुछ बरातियों को गांव के लोगों ने बंधक भी बना लिया। दूल्हे को ससुराल में छुपकर जान बचानी पड़ी। करीब एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा। बंधक बने बरातियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसओ पाकबड़ा एसपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर मारपीट करने वाले भाग गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में फेरे कराकर देर रात बरात की विदाई हुई। सीओ रामसागर ने बताया कि बराती और ग्रामीणों में मामूली विवाद हो गया था। दोनों ने आपस में बैठकर मसला निपटा लिया।