सांसद आजम खां के स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही अफवाह, शहर विधायक डा.तजीन फात्मा ने जताई नाराजगी
काेरोना संक्रमित आजम खां के बारे में तरह-तरह की अफवाहें फैलती रहीं। इंटरनेट मीडिया पर भी इसे लेकर कई तरह की पोस्ट डाली गईं। इसे लेकर आजम खां की पत्नी शहर विधायक डा.तजीन फात्मा ने सख्त नाराजगी जताई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। काेरोना संक्रमित आजम खां के बारे में तरह-तरह की अफवाहें फैलती रहीं। इंटरनेट मीडिया पर भी कई तरह की पोस्ट डाली गईं। इसे लेकर आजम खां की पत्नी शहर विधायक डा.तजीन फात्मा ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सांसद आजम खां करीब सवा साल से सीतापुर जेल में बंद हैं। साथ में उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी हैं। जेल में ही दोनों कोरोना संक्रमित हो गए। हालत बिगड़ने पर नौ मई की रात में दोनों को मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया। सोमवार को हालत बिगड़ी तो एक मिनट में 10 लीटर आक्सीजन देनी पड़ी। इसके बाद उन्हें आइसीयू में भर्ती कराया गया। मंगलवार को भी उनकी हालत गंभीर बताई गई। मेदांता अस्पताल ने इस संबंध में बुलेटिन भी जारी किया, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर उनके बारे में तरह-तरह की पोस्ट डाल दी गईं, जिससे उनके समर्थक चिंतित हो उठे। आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने बताया कि आजम खां की हालत गंभीर है, दुआओं की जरूरत है। अफवाहें फैलाने पर आजम खां की पत्नी ने सख्त नाराजगी जताई है। जिलाध्यक्ष से कहा है कि ऐसे लोगों की जानकारी कर रिपोर्ट दर्ज कराएं। जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने भी अफवाहें न फैलाने की गुजारिश की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आजम खां जल्द स्वस्थ होकर अस्पताल से लौट आएंगे।