मुरादाबाद में रोडवेज बस और कार की टक्कर, कोचिंग संचालक की मौत
मुरादाबाद के छजलैट में हादसे के कारण आधे घंटे तक हरिद्वार हाईवे पर बाधित रहा आवागमन। जेसीबी की मदद से पुलिस ने सड़क से हटाया गया मलबा। छह महीने महीने पहले ही हुई थी शादी। हादसे के बाद परिवार के लोग बदहवास।
मुरादाबाद, जेएनएन। छजलैट थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब नौ बजे रोडवेज बस व कार की टक्कर हो गई। इसमें गंभीर रूप से घायल कार चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह नूरपूर में कोचिंग संचालक था। महज छह माह पहले ही उसका विवाह हुआ था। कार चालक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।
पुलिस ने आरोपित बस कब्जे में ले लिया है। जबकि बस चालक फरार बताया जा रहा है। छजलैट थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लदावली गांव के रहने वाले त्रिभुवन सिंह कोचिंग संचालक थे। वह बिजनौर के नूरपुर में कोचिंग चलाते थे। देर शाम नूरपुर से कार पर सवार होकर वह वापस घर लौट रहे थे। कार सवार कोचिंग संचालक मुरादाबाद-हदिद्वार हाईवे पर कैंच की पुलिया के पास पहुंचा था। तभी सामने से आ रही धामपुर रोडवेज की बस ने कार में टक्कर मार दिया। दोनों वाहनों की टक्कर होते ही सड़क पर अफरातफरी मच गई। मुख्य मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। बस चालक मौके से फरार हो गए। बस में सवार यात्री वाहन से नीचे उतरे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की मदद से घायल त्रिभुवन को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां कुछ देर चले उपचार के दौरान त्रिभुवन की मौत हो गई। जेसीबी की मदद से हाईवे से दोनों वाहन किनारे पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिया। स्वजनों ने बताया कि महज छह माह पहले ही त्रिभुवन की शादी हुई थी। त्रिभुवन की दर्दनाक मौत से स्वजन गहरे सदमे में हैं।