दहेज के लिए तोड़ दिया रिश्ता, नहीं लाए बरात, 11 पर मुकदमा
यह मामला अमरोहा जिले के रजबपुर के गांव बांसली का है। यहां के एक किसान ने अपनी बेटी का रिश्ता सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर में किया था लेकिन दहेज लोभियों ने बाद में रिश्ता तोड़ दिया।
अमरोहा, जेएनएन। दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष के लोग बरात नहीं लाए। पंचायत में भी कोई समझौता कराने से साफ मना कर दिया। मंगनी में हुए नकदी व जेवरात के लेनदेन को भी आपस नही किया। पीडि़त की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
यह मामला रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव बांसली का है। यहां रहने वाले अब्दुल सत्तार पेशे से किसान हैं। बीते साल उन्होंने अपनी बेटी मोसिना खातून का रिश्ता सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर निवासी दिवंगत अलीजान के बेटे इकबाल के साथ किया था। मंगनी में नकदी व जेवरात तथा कीमती कपड़े भी दिए थे। शादी की तिथि भी तय कर दी गई। परंतु बाद में वर पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि शादी में पांच लाख रुपए नकद व कार की मांग करना शुरू कर दिया। एक किसान के लिए ये मांगें पूरी करना संभव नहीं था। इस पर उन्होंने एतराज किया तो वर पक्ष ने रिश्ता खत्म करने की चेतावनी दी। गांव में पंचायत भी बुलाई गई। परंतु वर पक्ष बगैर दहेज शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। उलटा मंगनी में दी गई नकदी व जेवरात भी लौटाने से मना कर दिया। लिहाजा अब्दुल सत्तार ने एसपी डा. विपिन ताडा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसपी के आदेश पर रजबपुर पुलिस ने इकबाल, मकसूद, इंतेजार, अशफाक उल्लाह, सरमिना, आसिफा, राशिद, नाजरीन, शमशाद, चमन व फरहीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।