सर्वर ठप होने से जिले भर में राशन वितरण ठप,मुख्यालय को भेजी सूचना Moradabad News
जिला पूर्ति अधिकारी ने मुख्यालय को भेजी सूचना। तकनीकी टीम जुटी गुरुवार को सर्वर ठीक होने की संभावना। सर्वर ठप होने से लोगों को हुई परेशानी।
मुरादाबाद,जेएनएन। खाद्य रसद विभाग का सर्वर ठप होने के कारण राशन वितरण व्यवस्था ठप रही। इस दौरान कुछ राशन दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ अधिक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राशन दुकानों को बंद करा दिया। उधर, जिला पूर्ति अधिकारी ने सर्वर के ठप होने की सूचना मुख्यालय को दी।
जिले में पहली जून से राशन दुकानों से राशन कार्ड धारकों के अलावा प्रवासी श्रमिकों को भी खाद्यान्न दिया जा रहा है। एक जून को दोपहर के बाद सर्वर ने धीमी गति से चलने पर 24 फीसद कार्ड धारक और दो जून को दस फीसद से भी कम लोग राशन ले सके। बुधवार को सुबह से सर्वर ठप था। इससे शहर के नवीन नगर, बंगला गांव, हिमगिरी समेत जिले की कई राशन दुकानों पर भीड़ बढ़ गई और लोगों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं दिखाई दिया। सूचना मिलते ही कई क्षेत्रों में पुलिस पहुंच गई और राशन दुकानों को बंद कराया गया। दुकानदारों को आदेश दिया कि जब सर्वर चालू हो जाए, तभी राशन दुकानें खोले।
उधर, जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार ने भी मुख्यालय को सर्वर ठप होने की सूचना देते इसे सुचारू करने का अनुरोध किया। शाम को कुछ देर के लिए सर्वर ठीक हुआ तो कुछ राशन दुकानदारों ने खाद्यान्न का वितरण किया। जिले में अभी 65 फीसद राशन धारकों को खाद्यान्न वितरण किया जाना है।
क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी बृजेश पाल ने बताया कि मुख्यालय के सर्वर में तकनीकी खराबी आ जाने से राशन वितरण व्यवस्था ठप हो गयी है। मुख्यालय सूचना भेजी गई है। तकनीकी टीम सर्वर को ठीक करने में जुट गई है। गुरुवार से सर्वर ठीक हो जाएगा। 11 जून तक खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा।