मुरादाबाद, जेएनएन। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को जिला अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्टाफ के साथ बैठक की। इसमें कोविड-19 के दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं इमरजेंसी स्वास्थ्य समस्याओं पर त्वरित उपचार मुहैया कराने के लिए चिकित्सकों को दिशा-निर्देश दिए। कहा कि जो चिकित्सक बिना पर्याप्त कारण के अवकाश पर हैं, उन्हें नोटिस जारी करें। अनावश्यक कारणों से गैरहाजिर चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत सभी चिकित्सक और नर्स समेत अन्य स्टाफ पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से चिकित्सकों की उपस्थिति एवं उनकी शिफ्टवार डयूटी आदि के बारे में जानकारी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चिकित्सक व नर्स स्टाफ शिफ्टवार समय से उपस्थित हों। कोविड वार्ड में तैनात चिकित्सक एवं नर्स स्टाफ को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज के स्वास्थ्य की नियमित रूप से मानीटरिंग की जाए।
साथ ही चिकित्सक समय-समय पर प्रत्येक मरीज के स्वास्थ्य का हाल जानें और निरीक्षण के दौरान मरीज के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में मरीज की केस सीट पर अनिवार्य रूप से अंकन करें। केस सीट के व्यवस्थीकरण की जिम्मेदारी वार्ड में तैनात चिकित्सक के साथ-साथ नर्स स्टाफ की होगी।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक चिकित्सक की उपस्थिति समय से हो। कोविड के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों में अत्यन्त धैर्यपूर्वक कार्य करें। चिकित्सालय में तैनात ऐसे चिकित्सक जो बिना पर्याप्त कारण के अवकाश पर हैं, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि अनावश्यक कारणों से गैरहाजिर चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि वर्तमान में कोविड-19 के कारण उत्पन्न महामारी में चिकित्सकों की जिम्मेदारी अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई के साथ-साथ बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा.संजीव यादव, नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र समेत अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।







न्यूज़
मरीज
अस्पताल
दवाएँ
बाजार
पुलिस












a